यूनिक समय, मथुरा। आगामी प्रमुख त्योहारों—दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए मथुरा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। हाल ही में जिले में मिले धमकी भरे ई-मेल और सुरक्षा अलर्ट के बाद पूरे मथुरा जिले में चौकसी बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्लोक कुमार के दिशा-निर्देश में गुरुवार देर रात से ही शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सघन चेकिंग अभियान और गश्त चलाई जा रही है। हरियाणा बॉर्डर पर विशेष चेकिंग, 30 वाहन जब्त एसपी ग्रामीण आलोक राज नारायण ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं और संवेदनशील मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। छाता क्षेत्राधिकारी और कोसीकलां थाना पुलिस बल के साथ कोटवन-हरियाणा बॉर्डर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध दोपहिया व चारपहिया वाहनों की गहन तलाशी ली गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 दोपहिया वाहनों को जब्त भी किया है। बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस का फ्लैग मार्च मथुरा शहर में आमजन को सुरक्षा का अहसास कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी श्लोक कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल मार्च किया। यह फ्लैग मार्च डीग गेट, श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास, भूतेश्वर, कृष्णा नगर और होली गेट सहित कई भीड़भाड़ वाले इलाकों में निकाला गया। इस दौरान एसपी सिटी राजीव कुमार, सीओ सिटी आशना चौधरी और कोतवाली प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। ज्वेलरी शोरूम का निरीक्षण और सुरक्षा गार्डों की जांच निरीक्षण के दौरान एसएसपी श्लोक कुमार ने प्रमुख ज्वेलरी शोरूमों और बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने शोरूमों पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों के हथियारों और रायफलों की खुद जांच की तथा गार्डों से रायफल लोड-अनलोड कराकर उनकी दक्षता और मुस्तैदी को परखा। इसके साथ ही अधिकारियों ने निजी गार्डों को ड्यूटी के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को देने के निर्देश दिए। शांतिपूर्ण त्योहार संपन्न कराना प्राथमिकता पुलिस प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि जिले में शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान सभी प्रमुख मंदिरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संदिग्ध तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Dhanteras Shubh Muhurat: 6 नवंबर को मनाया जाएगा धनतेरस; जानें सोना-चांदी खरीदने का शुभ मुहूर्त, पूजा का समय और पूजा विधि ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]