यूनिक समय, नई दिल्ली। पंजाब के राजपुरा में सराय बंजारा और बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के कोच में अचानक भीषण आग लग गई। दोपहर करीब 1:10 बजे चलती ट्रेन से आग की लपटें और धुएं का भारी गुबार निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आग का धुआं कई किलोमीटर दूर तक साफ दिखाई दे रहा था। लोको पायलट की सूझबूझ से टला हादसा कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन की तरफ से 5वें कोच में आग लगने की भनक लगते ही लोको पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और ट्रेन को मध्य सरहिंद-राजपुरा रेल खंड पर समय रहते रोक दिया। ट्रेन रुकते ही यात्री समझदारी दिखाते हुए तुरंत डिब्बों से नीचे उतर आए। लोको पायलट की त्वरित कार्रवाई और यात्रियों की सजगता के कारण एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया तथा सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत एवं बचाव दल ने आग पर पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, रेलवे अधिकारी और फायर ब्रिगेड की राहत-बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। ट्रेन को बसंतपुरा रेलवे स्टेशन पर रोककर सुरक्षा जांच की गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका प्राथमिक जांच और शुरुआती जानकारियों के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण ट्रेन के डिब्बे में शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) बताया जा रहा है। हालांकि, हादसे में हुए आर्थिक नुकसान का सटीक आकलन करने और आग के वास्तविक कारणों की विस्तृत पुष्टि के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Jalsa Bomb Threat: अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को मिली बम से उड़ाने की धमकी; जांच में जुटी एजेंसियां ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]