Dehradun Bus Accident: कालसी में खाई में गिरी हिमाचल रोडवेज की बस; 3 यात्रियों की मौत, कई घायल

A Himachal Pradesh Roadways bus fell into a gorge in Kalsi

यूनिक समय, नई दिल्ली। उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। देहरादून जिले के कालसी इलाके में मंगलवार को हिमाचल प्रदेश ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) की एक पैसेंजर बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक तीन यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें से 6-7 लोगों की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन

यह हादसा कालसी के दूरदराज स्थित क्वानू-मीनस रोड पर हुआ। बस के खाई में गिरते ही इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर डाकपत्थर, चकराता, मोरी और ट्यूनी से SDRF की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। जान गंवाने वालों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
गहरी खाई और दुर्गम इलाका होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन टीमों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।

सीएम धामी ने संभाला मोर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया और आधिकारिक बयान के जरिए बताया कि वह जिला मजिस्ट्रेट (DM) के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि “मैंने जिला प्रशासन और पुलिस को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। सभी नजदीकी मेडिकल सेंटरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। यदि आवश्यकता पड़ी, तो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट कर बड़े अस्पतालों में भर्ती कराया जाएगा।”

अस्पतालों में हाई अलर्ट

हादसे के बाद चकराता और कालसी के स्थानीय अस्पतालों में घायलों का उपचार जारी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चश्मदीदों के अनुसार, बस काफी ऊंचाई से नीचे गिरी, जिससे बस के परखच्चे उड़ गए। पुलिस फिलहाल हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़ेGold Silver Price Today: तीन दिन की गिरावट के बाद सोना-चांदी की कीमतों में भारी तेजी; चांदी ₹21,000 और सोना ₹5,000 उछला

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*