
यूनिक समय, नई दिल्ली। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद शुक्रवार को एक भीषण आत्मघाती हमले से दहल उठी। तरलाई इलाके में स्थित इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा में उस समय जोरदार धमाका हुआ जब लोग शिया मस्जिद में जुमे की नमाज अदा कर रहे थे। इस आत्मघाती विस्फोट में कई लोगों के मारे जाने और दर्जनों के घायल होने की खबर है, जिसके बाद प्रशासन ने पूरे इस्लामाबाद शहर में इमरजेंसी (आपातकाल) लागू कर दी है।
नमाज के दौरान मचा कोहराम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूर तक सुनी गई। मस्जिद के भीतर नमाज पढ़ रहे लोगों के बीच अचानक हुए इस ब्लास्ट के बाद चीख-पुकार मच गई। सोशल मीडिया पर सामने आए विचलित करने वाले वीडियो में देखा जा सकता है कि इमाम बारगाह की जमीन पर लोग लहूलुहान और बेसुध पड़े हैं, जबकि जीवित बचे लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं।
सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अर्धसैनिक बल और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे तरलाई इलाके की घेराबंदी कर ली है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। एम्बुलेंस के जरिए शिया मस्जिद में हमले से घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। सुरक्षा एजेंसियों ने प्रारंभिक जांच में इसे सुसाइड बॉम्बिंग करार दिया है, हालांकि आधिकारिक तौर पर हताहतों की संख्या की पुष्टि होना अभी बाकी है। राजधानी के सभी संवेदनशील प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे इलाके की कड़ी निगरानी की जा रही है।
पाकिस्तान में बढ़ती अशांति
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर बलूचिस्तान में हिंसा और सैन्य ऑपरेशन तेज हैं। हाल ही में बलूचिस्तान में सेना की कार्रवाई में कई लड़ाकों के मारे जाने और भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों के हताहत होने की खबरें भी सामने आई हैं। इस्लामाबाद जैसे सुरक्षित शहर के भीतर मस्जिद को निशाना बनाना पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान लगाता है।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
यह भी पढ़े: Delhi News: जल बोर्ड की लापरवाही ने ली बैंक मैनेजर की जान, नोएडा जैसी घटना से दहला जनकपुरी
Leave a Reply