
यूनिक समय, मथुरा। कान्हा की नगरी मथुरा के थाना महावन क्षेत्र से एक ऐसी हृदयविदारक खबर सामने आई है जिसने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया है। ग्राम खप्परपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव घर के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई है। 35 वर्षीय किसान ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों के साथ मौत को गले लगा लिया। घर की दीवार पर लिखे सुसाइड नोट ने इस खौफनाक कदम की पुष्टि की है, लेकिन इस सामूहिक आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह अभी भी रहस्य बनी हुई है।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय मनीष, उनकी पत्नी सीमा, दो बेटियों हनी व प्रियांशी और मात्र दो वर्षीय मासूम बेटे पंकज के रूप में हुई है। मनीष पेशे से किसान थे और करीब आठ साल पहले उनकी शादी सादाबाद के मड़नई में हुई थी। मनीष के दो अन्य भाई भी इसी गांव में अलग-अलग घरों में रहते हैं, जबकि मनीष अपने परिवार के साथ इस मकान में अकेले रह रहे थे।
दीवार पर लिखा आखिरी संदेश
जब पुलिस और ग्रामीण घर के अंदर दाखिल हुए, तो वहां का मंजर देखकर हर कोई दंग रह गया। कमरे की दीवार पर मनीष ने सुसाइड नोट के तौर पर कुछ शब्द लिखे थे। पुलिस के मुताबिक दीवार पर साफ अक्षरों में लिखा है “मैं अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं।”
इस एक वाक्य ने यह तो साफ कर दिया कि यह आत्महत्या है, लेकिन वह कौन सी मजबूरी या मानसिक तनाव था जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया, यह अब भी एक बड़ा सवाल है।
जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। खप्परपुर पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या किसान मनीष किसी आर्थिक तंगी, कर्ज या किसी पारिवारिक विवाद से जूझ रहे थे। मनीष के भाइयों और अन्य रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की तह तक पहुंचा जा सके।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
यह भी पढ़े: Karnataka: 80 विधायकों ने डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिए हाईकमान के सामने रखी अपील
Leave a Reply