यूनिक समय, मथुरा। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ और पुलिस टीम ने अलीगढ़ के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में लगभग 2 करोड़ रुपये कीमत की 1,172 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई है। सूचना पर पालीखेड़ा रोड पर घेराबंदी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (आगरा) के क्षेत्राधिकारी (CO) उमेश पवार को गुप्त सूचना मिली थी कि अलीगढ़ के कुछ तस्कर हेरोइन की एक बड़ी खेप लेकर मथुरा में सप्लाई करने आ रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए बुधवार दोपहर पांच सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तुरंत मथुरा पहुंचकर हाईवे थाना प्रभारी प्रशांत कपिल और पुलिस बल को अपने साथ लिया। इसके बाद पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने मुखबिर के बताए अनुसार पालीखेड़ा रोड और सलेमपुर रोड के आसपास रणनीतिक रूप से घेराबंदी कर दी। बंद मकान के बाहर से दबोचे गए तस्कर पुलिस टीम ने सलेमपुर रोड से करीब 100 मीटर पहले एक बंद पड़े मकान के सामने स्कूटी के पास खड़े दो संदिग्ध युवकों को तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से 1,172 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा एक्टिवा को भी तुरंत जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीगढ़ जिले के थाना ऊपरकोट क्षेत्र अंतर्गत टीला बोलीशाह मस्जिद के पास, ऊपरकोट निवासी इमरान (पुत्र सिराज) और शाहबाज (पुत्र परवेज) के रूप में हुई है। हेरोइन का नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस प्राथमिक पूछताछ और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद एएनटीएफ टीम ने दोनों आरोपियों, बरामद हेरोइन और स्कूटी को कानूनी कार्रवाई के लिए हाईवे थाने के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि तस्कर हेरोइन की इतनी बड़ी खेप कहां से खरीदकर लाए थे और मथुरा में इसे किसे डिलीवर किया जाना था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों और मुख्य सप्लायर की तलाश के लिए पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: World: दुबई के जेबेल अली में देर रात एक के बाद एक 7 भीषण धमाके; धुएं के गुबार से दहला इलाका ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]