
यूनिक समय, वृंदावन। मथुरा गेट पुलिस चौकी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जो हुआ, उसने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी। पुलिस चौकी से महज सौ मीटर की दूरी पर गौतम पाड़ा निवासी राकेश गौतम को 7–8 दबंग युवकों ने घेरकर बेरहमी से पीटा। लाठी-डंडों से किए गए इस हमले में राकेश के दोनों पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गए।
हैरानी की बात यह है कि हमला दिनदहाड़े, भीड़ के सामने हुआ, लोग देखते रहे, लेकिन पुलिस का डर खत्म और कानून का खौफ नदारद दिखा। कोई बीच-बचाव की हिम्मत नहीं जुटा सका। घायल राकेश को पहले सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
राकेश के भाई रूपकिशोर गौतम ने आरोप लगाया है कि यह हमला आरोपियों ने किया। चौंकाने वाली बात यह है कि बीती 16 जनवरी को भी इन आरोपियों ने बांके बिहारी पुलिस चौकी क्षेत्र में राकेश के साथ मारपीट की थी। उस मामले में थाना वृन्दावन में मुकदमा दर्ज हुआ था और जांच एसआई सुबोध कुमार को सौंपी गई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूमते रहे और पुलिस की ढिलाई ने उन्हें दोबारा हमला करने का हौसला दिया। यह घटना केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर करारा तमाचा है।
अब देखना यह है कि क्या पुलिस इस बार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी करेगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा। मथुरा गेट की इस वारदात ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर पुलिस सख्त नहीं, तो अपराधी निडर।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
यह भी पढ़े: Technology News: पैनासोनिक ने लॉन्च किए 57 नए AC मॉडल्स; 55°C तापमान में भी मिलेगी शिमला जैसी ठंडक
Leave a Reply