यूनिक समय, नई दिल्ली। '370 रुपये की बिरयानी' वाले विवादित वीडियो क्लिप को लेकर सोशल मीडिया पर चौतरफा घिरे स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने एक बार फिर जनता से हाथ जोड़कर माफी मांगी है। ऑनलाइन मिल रही तीखी आलोचनाओं और कानूनी कार्रवाई के बीच प्रणित मोरे ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे इस वक्त जनता से मिल रही नफरत और आलोचना के पूरी तरह हकदार हैं। इसके साथ ही उन्होंने दर्शकों से अपनी गलती सुधारने के लिए एक और मौका देने की गुजारिश की है। इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर बयां किया दर्द प्रणित मोरे ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि वे इस मुद्दे पर पहले ही बात करना चाहते थे, लेकिन उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने की वजह से वे ऐसा नहीं कर पाए। वायरल हो रहे क्राउड-वर्क वीडियो का जिक्र करते हुए प्रणित ने कहा, "शो के दौरान जब सामने बैठे शख्स ने गलत और अपमानजनक बातें कहीं, तो मैंने दखल न देकर बहुत बड़ी गलती की। उस समय शो में मौजूद सभी लोग हंस रहे थे और मैं भी उसी माहौल में बहक गया। यह मेरी समझ की कमी थी। मैं उस समय स्टैंड ले सकता था, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। मैंने उन घटिया बातों को मंच दिया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।" उन्होंने आगे कहा कि इस घटना से जिन लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है, वे उन सभी से तहे दिल से माफी मांगते हैं। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में जो भी कानूनी कार्यवाही चल रही है, वे उसमें पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने प्रशंसकों से अपील की कि वे खुद पर और अपने कंटेंट पर काम कर रहे हैं और भविष्य में एक बेहतर इंसान और कलाकार बनकर सामने आएंगे। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने किया तलब इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने कॉमेडियन प्रणित मोरे और शो के दौरान विवादित किस्सा सुनाने वाले वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा को समन जारी कर तलब किया है। महिला आयोग का मानना है कि शो के दौरान की गई टिप्पणियां यौन उत्पीड़न और महिलाओं के साथ बिना सहमति के किए जाने वाले दुर्व्यवहार को सही ठहराने जैसी थीं। इस मामले में मोरे और जांगड़ा समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) भी दर्ज हो चुकी है। वहीं, इस पूरे विवाद पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का भी बड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने स्टैंड-अप कॉमेडियन को नसीहत देते हुए कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की आजादी बेहद जरूरी है, लेकिन किसी भी मंच पर शालीनता और गरिमा का उल्लंघन कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही मशहूर कॉमेडियन मल्लिका दुआ ने भी प्रणीत को जमकर खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि मंच पर बैठकर किसी की गरिमा का मजाक उड़ाना क्राउड वर्क कॉमेडी नहीं कहलाता। क्या है पूरा '370 रुपये की बिरयानी' का विवाद? यह पूरा विवाद गुरुग्राम में आयोजित एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान शुरू हुआ। शो के दौरान दर्शकों के बीच बैठे वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक डेट का किस्सा साझा किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि उन्होंने एक लड़की के साथ डेट पर चिकन बिरयानी की एक प्लेट पर 370 रुपये खर्च किए थे। किस्से के अनुसार, जब महिला ने बाद में उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा, तो उन्होंने कथित तौर पर खर्च किए गए 370 रुपये के बदले महिला से यौन संबंध बनाने की मांग की। इस बेहद संवेदनशील और आपत्तिजनक बात पर मंच पर मौजूद होस्ट व कॉमेडियन प्रणित मोरे ने विरोध करने या टोकने के बजाय ठहाके लगाए और उस बात को बढ़ावा दिया। इस पूरे वाक्ये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और इसे महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के खिलाफ बताते हुए दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग शुरू हो गई। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Elon Musk बने दुनिया के पहले ‘ट्रिलिनेयर’; SpaceX के रिकॉर्ड-ब्रेकिंग IPO की लिस्टिंग से नेटवर्थ $1.1 ट्रिलियन के पार ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]