Fri, Jun 26th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

सड़क पर रोटी के लिए बहा खून: एक शख्स को जान देकर दुकानी पड़ी चपाती की कीमत

by Raju Chaurasia • July 28, 2022

सड़क पर रोटी के लिए बहा खून: एक शख्स को जान देकर दुकानी पड़ी चपाती की कीमत

इस खबर को सुनें • हिंदी

00:00
00:00
Advertisement
Ad

एक रोटी के चलते रिक्शावाले की हत्या कर दी गई। 40 साल के रिक्शा चालक ने एक रोटी देने से मना कर दिया था, जिसके बाद मांगने वाले ने उसपर हमला कर दिया। उसने चाकू मारकर रिक्शावाले की हत्या कर दी। घटना 26 जुलाई की रात घटी। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना दिल्ली के करोलबाग इलाके की है। मृतक की पहचान मुन्ना के रूप में हुई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी का नाम फिरोज खान है। वह कूड़ा उठाने का काम करता है। पुलिस ने उसे करोलबाग के एक पार्क से गिरफ्तार किया। 26 जुलाई की रात पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सड़क पर बेहोश पड़ा है। स्थानीय लोग उसे ऑटो से आरएमएल हॉस्पिटल ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद करोलबाग थाने की पुलिस ने केस दर्ज किया और मामले की जांच शुरू की।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि घटना रात करीब 10 बजे की है। मुन्ना विष्णु मंदिर मार्ग पर बैठा हुआ था। उसे एक होटल से रोटी मिली थी। वह रोटी खा रहा था तभी नशे में धुत एक व्यक्ति वहां आया। उसने मुन्ना से खाना मांगा। मुन्ना ने उसे एक रोटी दे दी। इसके बाद आरोपी ने एक और रोटी मांगी। मुन्ना ने उसे दूसरी रोटी देने से इनकार कर दिया।

दूसरी रोटी नहीं मिलने से आरोपी भड़क गया। उसने मुन्ना से लड़ाई शुरू कर दी और उसे गालियां देने लगा। मुन्ना ने विरोध किया तो उसने चाकू निकाला और उसे घोंप दिया, इसके बाद वह भाग गया। प्रत्यक्षदर्शी ने करीब 400-500 मीटर दूर तक उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। इसके बाद मुन्ना को ऑटो रिक्शा से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने इलाके के पार्कों और सड़कों पर रहने वाले मजदूरों और अन्य लोगों की जांच की। इसी दौरान एसआई विक्रम सिंह और एएसआई जितेंद्र पार्क पहुंचे और वहां सो रहे संदिग्ध की पहचान की। संदिग्ध प्रत्यक्षदर्शी द्वारा बताए गए व्यक्ति जैसा दिख रहा था। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त किया। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या के लिए इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है।

 

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.