Mon, Jun 8th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

थाने में इंस्पेक्टर ने महिला का किया रेप, हमदर्द बनकर दिया झांसा

by Raju Chaurasia • August 25, 2022
Advertisement
Ad

यूपी के बरेली जिले से खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने इंस्पेक्टर पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपित इंस्पेक्टर बरेली के इज्जतनगर थाने में क्राइम के पद पर तैनात है। महिला का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म कर उसे जान से मारने की धमकी दी है। जिसके बाद महिला ने कैंट थाने में इंस्पेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। केस दर्ज होते ही एसएसपी ने इंस्पेक्टर क्रांतिवीर को निलंबित कर जांच शुरू करवा दी है। वहीं इंस्पेक्टर क्रांतिवीर गिरफ्तारी से बचने के लिए थाना छोड़कर फरार हो गया है।

पीड़िता ने आईजी बरेली रेंज को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह शाहजहांपुर जिले की निवासी है। वर्ष 2021 में शाहजहांपुर न्यायालय में उसके पति से विवाद का मामला लंबित चल रहा था। इसी के चलते महिला ने केस से संबंधित शिकायती पत्र कोतवाली पर दिया था। थाने में दिए गए शिकायत पत्र की जांच करने के लिए थाने पर तैनात उपनिरीक्षक क्रांतिवीर ने घर पर जांच के दौरान महिला के साथ हमदर्दी दिखाई। क्रांतिवीर ने महिला के पति के खिलाफ कार्यवाही करने का भरोसा दिया। जिसके बाद महिला का भरोसा उस पर बढ़ गया था। महिला ने बताया कि इसी बीच दोनों का रिश्ता आगे बढ़ गया और दरोगा क्रांतिवीर ने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा।

आरोपी शादी का बहाना बनाकर महिला को बरेली कैंट स्थित अपने आवास पर ले गया और जबरन उसके साथ संबंध भी बनाए। दरोगा क्रांतिवीर ने महिला को शादी का फर्जी सर्टिफिकेट भी दिया। जब महिला को सर्टिफिकेट के फर्जी होने की जानकारी हुई तो उसने दरोगा के बारे में पता लगाना शुरूकर दिया। इस दौरान महिला को पता चला कि दरोगा पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। इसी बात पर महिला का उसके साथ विवाद हो गया। दरोगा ने महिला को धमकाते हुए कहा कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसे जान से मार देगा और उसके द्वारा बनाई गई अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देने लगा। इसी बीच आरोपित दरोगा का प्रमोशन हो गया और वह इंस्पेक्टर बन गया।

प्रमोशन होने के बाद क्रांतिवीर ने अपना ट्रांसफर बरेली में करा लिया। क्राइम ब्रांच में कुछ दिन रहने के बाद सिफारिश करने पर उसका तबादला इज्जतनगर थाने में हो गया। पीड़ित महिला ने आईजी बरेली रेंज को शिकायत पत्र देकर आरोपी पर कार्यवाही की मांग की है। महिला की तहरीर पर इंस्पेक्टर क्रांतिवीर के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे सस्पेंड कर दिया गया है और उसके खिलाफ जांच शुरूकर दी गई है। आरोपित इंस्पेक्टर को मामले की जानकारी होते ही वह थाना छोड़कर फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

 

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.