नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क: 1 नवंबर में देश में कई बड़े बदलाव होने जा रहे हैं, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर होने जा रहा है। ऐसे में आपको इन बदलावों के बारे में जानकारी होना जरूरी है, जिससे आप समय रहते अपने कार्यों को पूरा कर सकते हैं और किसी भी तरह की समस्या से बच सकते हैं।

इन नियमों में इंश्योरेंस की केवाईसी, एलपीजी सिलेंडर के दाम, ट्रेनों का समय और सब्सिडी से जुड़े नियम शामिल हैं। आइए जानते हैं 1 नवंबर से होने वाले बदलावों के बारे में..

एलपीजी सिलेंडर के दाम

हर महीने की पहली तारीख को सरकार की ओर से एलपीजी सिलेंडर के नए दाम जारी किए जाते हैं। ये बदलाव हर महीने गैस की कीमतों में समीक्षा के बाद किए जाते हैं। ऐसे में एलपीजी गैस की कीमत में हर महीने की शुरुआत में कमी होने या फिर बढ़ोतरी होने की संभावना रहती है।

केवाईसी के नियम

मौजूदा समय में नॉन लाइफ इंश्योरेंस खरीदते समय केवाईसी कराना अनिवार्य नहीं है, लेकिन 1 नवंबर से भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण इसे अनिवार्य कर सकता है। इसके बाद नए और पुराने दोनों बीमाधारकों के लिए केवाईसी कराना अनिवार्य होगा।

रिपोर्ट्स के अनुसार, 1 नवंबर से देश में ट्रेनों के टाइम टेबल को बदल सकता है। ट्रेनों के समय में बदलाव होने के कारण उन यात्रियों को मुश्किल का सामना करना पड़ेगा, जिन्होंने 1 नवंबर और उसके बाद की टिकट पहले ही बुक करा रखी हैं। ऐसे में ट्रेनों में यात्रा करने पहले आपको ट्रेन टाइमिंग को पता कर लेना चाहिए।

दिल्ली में बिजली पर सब्सिडी

देश की राजधानी दिल्ली के सभी लोगों को 1 नवंबर 2022 से सब्सिडी मिलनी बंद हो जाएगी। केवल उन्हीं लोगों को दिल्ली सरकार की ओर से सब्सिडी दी जाएगी, जिन्होंने 31 अक्टूबर तक बिजली सब्सिडी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।