भोपाल, बालीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन इन दिनों मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में है। यहां रवीना टंडन अपने एक आगामी प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रही हैं। वे शूटिंग के दौरान भोपाल के खाने व यहां की गलियों का भी जमकर लुत्फ उठा रही हैं। उन्‍होंने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह भोपाल की सड़कों पर स्‍कूटी चलाती दिखाई दे रहे हैं।

रवीना ने उठाया कचौरी-समोसे का लुत्‍फ

इस दौरान अभिनेत्री रवीना टंडन यहां के खाने का भी लुत्फ लेते हुई दिखाई दे रही हैं। रवीना टंडन गरमागरम कचौरी-समोसे का लुत्‍फ लेते और स्‍थानीय लोगों के साथ घुलते-मिलते भी दिखाई दे रही हैं। अपने इस वीडियो को उन्होंने इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया। उन्होंने लिखा भोपाल में रहने की खुशी, हर पल प्यार करने वाले लोगों की गर्मजोशी के क्या ही कहने। वाकई भोपालियों जैसी आवभगत और प्रेम कोई नहीं कर सकता है।

 

रवीना ने लोगों संग खिंचवाई फोटो

इसके साथ ही उन्होंने भोपाल की एक बस्ती में पहुंचकर वहां की महिलाओं के साथ फोटो क्लिक कराई और सेल्फी भी ली। इसके साथ ही वह पुराने शहर की एक बस्‍ती में पहुंचकर वहां के लोगों से मिलती हैं और महिलाओं-बच्‍चों के साथ मिलकर उन्‍हें आटोग्राफ भी देती हैं।

रवीना के वीडियो और पोस्ट को उनके फैंस काफी लाइक कर रहे हैं और तरह-तरह की प्‍यारी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। 01 मिनट 20 सेकंड के इस वीडियो में रवीना टंडन भोपाल के भीतर स्मार्ट रोड, रानी कमलापति ब्रिज (आर्च ब्रिज), सदर मंजिल समेत कई इलाकों में घूमते नजर आ रही हैं।

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व को लेकर विवादों में रहीं रवीना

गौरतलब है कि रवीना पिछले कुछ दिनों से मध्य प्रदेश में सैर-सपाटे का आनंद ले रही हैं। कुछ दिन पूर्व वह सतपुड़ा टाइगर रिजर्व भी पहुंची थीं। वहां जिप्‍सी में घूमते हुए बाघ के काफी नजदीक पहुंचकर फोटो क्‍लिक की थी। इस मामले ने भी काफी तूल पकड़ा था और रवीना की इस हरकत को लेकर सवाल उठाए गए थे।