Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

PM मोदी ने पहलगाम हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिवार से की मुलाकात

by Arpita Singh • May 30, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कानपुर दौरे के दौरान पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात की। इस हमले में जान गंवाने वाले शुभम की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और सरकार इस संघर्ष को पूरी ताकत से जारी रखेगी।

ऐशान्या ने बातचीत का ज़िक्र करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश और सरकार हमारे साथ खड़े हैं। उन्होंने मुझसे हमले की पूरी जानकारी ली और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग अभी जारी है। पीएम ने भविष्य में दोबारा मुलाकात का आश्वासन भी दिया।”

शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी ने भी प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हम आभारी हैं कि पीएम मोदी ने हमारी पीड़ा को समझा। उन्होंने बताया कि इस हमले के बाद आतंकियों के ठिकानों पर कार्रवाई की गई। पूरा देश इस लड़ाई में प्रधानमंत्री के साथ है।”

कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने इस मुलाकात के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र भेजा था, जिसके बाद यह बैठक संभव हो पाई।

कानपुर में पीएम मोदी ने 47,600 करोड़ रुपये की 15 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “यह कार्यक्रम पहले 24 अप्रैल को होना था, लेकिन पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के कारण दौरा टालना पड़ा। शुभम द्विवेदी जैसे बहादुर बेटे की शहादत को हम नहीं भूल सकते। उनकी पत्नी ऐशान्या का दर्द और आक्रोश हम सभी की पीड़ा है।”

प्रधानमंत्री ने एक बार फिर दोहराया कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई निर्णायक और निरंतर जारी रहेगी।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.