
यूनिक समय, नई दिल्ली। संसद परिसर में राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच हुई जुबानी जंग अब एक बड़े सियासी और सामुदायिक विवाद में बदल गई है। राहुल गांधी द्वारा बिट्टू को ‘गद्दार’ कहे जाने पर बीजेपी के दिग्गज सिख नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मनजिंदर सिंह सिरसा और अरविंदर सिंह लवली ने राहुल गांधी पर सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुँचाने और ‘सिख विरोधी’ मानसिकता रखने का गंभीर आरोप लगाया है।
“पगड़ी वाले ने पार्टी छोड़ी तो गद्दार कह दिया”: हरदीप सिंह पुरी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राहुल गांधी के शब्दों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि ‘गद्दार’ शब्द का अर्थ देश के साथ विश्वासघात करना होता है और इसे हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी केवल इसलिए नाराज हैं क्योंकि रवनीत बिट्टू ने कांग्रेस छोड़ दी। क्या सिर्फ इसलिए कि एक पगड़ी पहनने वाले व्यक्ति ने आपकी पार्टी छोड़ी, आप उसे गद्दार कह देंगे? यह भाषा पूरी तरह से संसदीय मर्यादा के खिलाफ है और हमें किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है।”
“देश में असली गद्दार गांधी परिवार है”: मनजिंदर सिंह सिरसा
बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए राहुल गांधी की टिप्पणी को निंदनीय बताया। सिरसा ने पुराने जख्मों को कुरेदते हुए कहा कि यह वही ‘पापी परिवार’ है जिसने सिखों के गले में टायर डालकर उन्हें जलाया था और अखबारों में इश्तहार देकर सिखों को आतंकी बताया था। उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा, “देश में अगर कोई असली गद्दार है, तो वह गांधी परिवार है। राहुल गांधी कभी सिखों को आतंकी बताते हैं तो कभी देश बांटने वाला, उनके मन में सिखों के प्रति गहरी नफरत भरी है।”
सिख समुदाय में आक्रोश: अरविंदर सिंह लवली
हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि राहुल गांधी के बयान ने पूरे सिख समाज को आक्रोशित कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस रवनीत सिंह बिट्टू के दादा (पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह) ने देश की एकता के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी, उनके पोते को राहुल गांधी ‘ट्रेटर’ (गद्दार) कैसे कह सकते हैं? लवली ने चेतावनी दी कि सिख समुदाय अपनी भावनाओं के साथ इस तरह के खिलवाड़ के लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
विवाद की जड़
बता दें कि बुधवार को संसद के मकर द्वार पर राहुल गांधी ने रवनीत बिट्टू को देखते हुए कहा था, “देखो एक गद्दार गुजर रहा है।” राहुल ने उनसे हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए यह भी कहा था कि वे एक दिन वापस कांग्रेस में ही आएंगे। बिट्टू ने इस पर पलटवार करते हुए राहुल गांधी को “देश का दुश्मन” करार दिया था।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Leave a Reply