Mathura News: मानदेय 18,000 रुपये होने पर शिक्षा मित्रों ने राधानगर पार्क में बांटी मिठाई, सरकार का जताया आभार

Education friends distributed sweets in Radhanagar Park

यूनिक समय, मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बजट सत्र के अंतिम दिन शिक्षा मित्रों के हक में लिए गए ऐतिहासिक फैसले के बाद कान्हा की नगरी में जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मानदेय में 80% की भारी वृद्धि की घोषणा से उत्साहित जनपद के लगभग 1,700 शिक्षा मित्र रविवार को राधानगर पार्क में एकत्रित हुए और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर इस जीत का उत्सव मनाया।

80% की ऐतिहासिक वृद्धि

उत्तर प्रदेश राज्य सरकार के नए निर्णय के अनुसार आगामी 1 अप्रैल से शिक्षा मित्रों का मासिक मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर सीधे 18,000 रुपये कर दिया गया है, जो वर्षों से अल्प मानदेय में गुजारा कर रहे इन कर्मियों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।

शिक्षा मित्रो का कहना है कि पूर्व में मिलने वाले मात्र 10 हजार रुपये में परिवार का भरण-पोषण करना लगभग नामुमकिन था, लेकिन इस ऐतिहासिक बढ़ोत्तरी से अब बच्चों के भविष्य को संवारने और घर की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में बड़ी आर्थिक मजबूती मिलेगी। इस वित्तीय लाभ के साथ-साथ सरकार द्वारा पहले ही घोषित की गई 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा ने शिक्षा मित्रों के परिवारों को एक ठोस स्वास्थ्य सुरक्षा कवच भी प्रदान किया है।

धैर्य और संघर्ष की जीत

उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के जिला अध्यक्ष खेमसिंह चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि यह निर्णय संगठन के वर्षों लंबे संघर्ष और धैर्य का प्रतिफल है। उन्होंने बताया कि सरकार ने न केवल मानदेय बढ़ाया है, बल्कि शिक्षा मित्रों की एक और बड़ी मांग को मानते हुए स्थानांतरण (Transfer) की सुविधा भी प्रदान की है, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।

राधानगर पार्क में उमड़ा उत्साह

मथुरा के राधानगर पार्क में आयोजित इस धन्यवाद सभा में भारी संख्या में शिक्षा मित्र जुटे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जगराज गुर्जर, धीरज चौधरी, डालचंद सेन, मंजू राजपूत और शशि शर्मा सहित दर्जनों पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: Delhi News: लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी; ‘खालिस्तानी ग्रुप’ के ईमेल से मचा हड़कंप

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*