यूनिक समय, मथुरा। उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री की अभिनव पहल "संभव" (संतुष्टि एवं समृद्धि) कार्यक्रम के तहत मंगलवार को मथुरा-वृंदावन नगर निगम के कार्यालयों में जनसेवा और शिकायतों के निस्तारण का विशेष अभियान चलाया गया। जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के संकल्प के साथ नगर आयुक्त श्री जग प्रवेश ने खुद कमान संभालते हुए सुबह 10:00 बजे से भूतेश्वर स्थित मुख्यालय में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। प्रशासन की इस सक्रियता से नगर निगम के गलियारों में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा। नगर निगम ने इस बार जनसुनवाई को विकेंद्रीकृत करते हुए तीन प्रमुख केंद्रों पर आयोजित किया ताकि नागरिकों को लंबी दूरी तय न करनी पड़े। भूतेश्वर मुख्यालय में जहाँ नगर आयुक्त ने मोर्चा संभाला, वहीं वृंदावन जोनल कार्यालय में सहायक अपर नगर आयुक्त श्री सी.पी. पाठक और जनरल गंज स्थित कार्यालय में अपर नगर आयुक्त श्री अनिल कुमार ने जनता से सीधे संवाद किया। इस दौरान नगर निगम के सभी विभागों के विभागाध्यक्षों की मौजूदगी अनिवार्य रही, जिससे शिकायतों का मौके पर ही तकनीकी और प्रशासनिक विश्लेषण किया जा सके। जनसुनवाई के दौरान भूतेश्वर जोन सबसे अधिक सक्रिय रहा, जहाँ कुल 10 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से सर्वाधिक 4 शिकायतें स्ट्रीट लाइट की खराबी, 2 अवैध अतिक्रमण, 1 जलकल और 3 सफाई व्यवस्था से संबंधित थीं। राहत की बात यह रही कि नगर आयुक्त के कड़े रुख के चलते लाइट से संबंधित 02 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, वृंदावन जोन में 3 शिकायतें (नजूल और जलकल) और सिटी जोन में 2 शिकायतें (स्ट्रीट लाइट और हाउस टैक्स) प्राप्त हुईं। नगर आयुक्त श्री जग प्रवेश ने प्राप्त सभी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाना अनिवार्य है। जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त श्री सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त श्री राकेश कुमार त्यागी, श्रीमती कल्पना सिंह चौहान, श्री अनुज कौशिक सहित निर्माण और जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता भी मौजूद रहे। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Breaking News: 13 साल के संघर्ष के बाद कोमा में जीवन बिताने वाले हरीश राणा ने एम्स में ली अंतिम सांस [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]