यूनिक समय, मथुरा। वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध श्रीबांकेबिहारी मंदिर में भक्ति के माहौल के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर के निजी सुरक्षा गार्डों और स्थानीय दुकानदारों के बीच मामूली बात को लेकर हिंसक झड़प हो गई। कामदा एकादशी के पावन अवसर पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच यह विवाद इतना बढ़ गया कि सुरक्षाकर्मी अपनी मर्यादा भूल बैठे और सरेआम लात-घूंसे चलने लगे। इस दौरान न केवल दुकानदार, बल्कि दर्शन के लिए आए बेकसूर श्रद्धालु भी इस हिंसा की चपेट में आ गए। सोशल मीडिया पर वायरल हुए विचलित करने वाले वीडियो में सुरक्षा गार्ड महिला श्रद्धालुओं के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जिससे मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर में प्रवेश को लेकर कुछ स्थानीय दुकानदारों और तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दर्जनों सुरक्षा गार्डों ने दुकानदारों को घेर लिया। इस गहमागहमी के बीच प्रवेश द्वार पर फंसे श्रद्धालु भी हिंसा का शिकार हुए। मारपीट के दौरान एक महिला श्रद्धालु जमीन पर गिर पड़ी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सुरक्षाकर्मियों के हिंसक व्यवहार के कारण महिलाएं और बच्चे दहशत में चिल्ला रहे हैं, जबकि मंदिर प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आई। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को जैसे-तैसे संभाला। सीओ सदर पीपी सिंह ने बताया कि दुकानदार और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए इस विवाद की जांच की जा रही है और प्राप्त तहरीर के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि बांकेबिहारी मंदिर में निजी सुरक्षा गार्डों द्वारा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अभद्रता का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार गार्डों के हिंसक व्यवहार के वीडियो सामने आ चुके हैं, जिससे देश-दुनिया से आने वाले भक्तों की आस्था को गहरी ठेस पहुँच रही है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mathura News: मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण में “रन फॉर एंपावरमेंट” का किया आयोजन [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]