यूनिक समय, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आ रहे भूचाल और घरेलू स्तर पर बढ़ते दबाव के बीच देश की आम जनता पर महंगाई का एक और बड़ा बम फूटा है। सरकारी तेल कंपनियों ने सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर भारी बढ़ोतरी कर दी है। सोमवार सुबह जारी नए रेट के मुताबिक, तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में ₹2.71 प्रति लीटर तक का भारी इजाफा किया है। पिछले महज 10 दिनों के भीतर यह चौथी बार है, जब ईंधन की कीमतों में इस तरह आग लगी है। लगातार बढ़ते दामों ने आम उपभोक्ताओं और खासकर मध्यम वर्ग की कमर तोड़कर रख दी है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। 10 दिनों में ₹7.50 तक महंगे हुए तेल ईंधन की कीमतों का गणित समझें तो पिछले 10 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल करीब ₹7.50 प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं। इससे पहले शनिवार को भी पेट्रोल-डीजल के दाम में 87 से 91 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई थी। आर्थिक विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई लगातार तेजी, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर होता भारतीय रुपया और भारत की आयात लागत बढ़ने की वजह से घरेलू तेल कंपनियों पर वित्तीय दबाव काफी बढ़ गया है। इसके अतिरिक्त रिफाइनिंग मार्जिन में हुए हालिया बदलावों का सीधा असर भी ईंधन की खुदरा कीमतों पर दिख रहा है। लंबे समय तक कीमतों को स्थिर रखने के बाद, अब सरकारी तेल कंपनियां धीरे-धीरे बढ़ी हुई लागत का पूरा बोझ आम उपभोक्ताओं की जेब पर डाल रही हैं। यही वजह है कि मई के महीने में जनता को तेल के झटके पर झटका लग रहा है। महानगरों का हाल नई दरों के लागू होने के बाद देश के सभी प्रमुख महानगरों में ईंधन की कीमतें आसमान छूने लगी हैं। जहां दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹102.12 हो गई है, वहीं कोलकाता में पेट्रोल पर ₹2.87 की सबसे भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद वहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत ₹113.51 पर पहुंच गई है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल का भाव ₹111.21 प्रति लीटर हो गया है, जबकि चेन्नई में यह ₹107.77 प्रति लीटर पर बिक रहा है। मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई आंतरिक शहरों में तो पेट्रोल की कीमतें ₹115 प्रति लीटर के पार निकल चुकी हैं। शहर पेट्रोल की नई कीमत कुल बढ़ोतरी दिल्ली ₹102.12 +₹2.61 कोलकाता ₹113.51 +₹2.87 मुंबई ₹111.21 +₹2.72 चेन्नई ₹107.77 +₹2.46 डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी पेट्रोल के साथ-साथ डीजल की कीमतों में भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सीधे तौर पर देश की अर्थव्यवस्था और बाजार को प्रभावित करती है। दिल्ली में डीजल अब ₹95.20 प्रति लीटर बिकेगा, जबकि कोलकाता में यह ₹99.82 प्रति लीटर पहुंच गया है, जो ₹100 के आंकड़े से महज कुछ पैसे दूर है। मुंबई में डीजल की कीमत ₹97.83 प्रति लीटर हो गई है। डीजल की कीमतों में इस बेतहाशा वृद्धि का सबसे बुरा असर देश के ट्रांसपोर्टेशन और माल ढुलाई सेक्टर पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्टर्स का कहना है कि डीजल महंगा होने से ट्रकों का भाड़ा बढ़ेगा, जिसके चलते आने वाले दिनों में फल, सब्जी, दूध, दवाइयां और रोजमर्रा की सभी आवश्यक चीजों की कीमतें बढ़ना तय है। इसके अलावा डीजल महंगा होने से खेती-किसानी की लागत पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। शहर डीजल की नई कीमत कुल बढ़ोतरी दिल्ली ₹95.20 +₹2.71 कोलकाता ₹99.82 +₹2.80 मुंबई ₹97.83 +₹2.81 मथुरा में भी तेल की कीमतों में बढ़ोत्तरी देश के अन्य बड़े महानगरों की तरह धार्मिक नगरी मथुरा में भी तेल की कीमतों में लगी आग का सीधा असर देखने को मिल रहा है और लगातार चौथे बड़े इजाफे के बाद आज 25 मई 2026 को मथुरा में पेट्रोल का भाव ₹101.28 प्रति लीटर तथा डीजल का भाव ₹94.75 प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है। पेट्रोल की कीमत में कल के मुकाबले करीब दो रुपये बीस पैसे और डीजल के दामों में भी दो रुपये बत्तीस पैसे का तगड़ा उछाल दर्ज किया गया है, जिसके चलते पेट्रोल का भाव अब सौ के आंकड़े को पार कर चुका है। मई के महीने में लगातार 10 दिनों के भीतर हुई इस चौथी बड़ी बढ़ोतरी से मथुरा के स्थानीय ट्रांसपोर्टर्स, व्यापारियों और रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा व मध्यम वर्ग की जेब पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है, जिसके कारण आज सुबह से ही शहर के तमाम पेट्रोल पंपों पर बढ़े हुए दामों को लेकर आम जनता में खासी चिंता और नाराजगी देखी जा रही है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Indore News: इंदौर में जल संकट का हाहाकार; बूंद-बूंद पानी को तरस रहे है लोग [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]