यूनिक समय, मथुरा। धार्मिक नगरी मथुरा में इन दिनों कानून व्यवस्था और खाकी का इकबाल पूरी तरह हवा हवाई साबित हो रहा है। शहर के रिहायशी और व्यापारिक इलाकों में बाइक चोरी की वारदातें इतनी तेजी से बढ़ रही हैं कि अब आम जनता अपने घरों के बाहर वाहन खड़ा करने से भी कतराने लगी है। हालात देखकर साफ लगता है कि शातिर वाहन चोरों के दिलों से स्थानीय पुलिस का खौफ पूरी तरह से निकल चुका है। ताजा मामला सौंख रोड स्थित मंडी चौराहा क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक शातिर चोर दिनदहाड़े बड़े ही आराम से बाइक चोरी कर रफूचक्कर हो गया और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। घर के बाहर से दिनदहाड़े चोरी हुई बाइक प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेंद्र नगर (सौंख रोड, मंडी चौराहा) के रहने वाले पीड़ित धनीराम ने रविवार के दिन करीब दोपहर दो बजे अपनी स्प्लेंडर एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर: यूपी-85 बीजे 5952) को हमेशा की तरह अपने घर के मुख्य दरवाजे के ठीक बाहर खड़ा किया था। बाइक खड़ी करने के बाद वे कुछ जरूरी काम से घर के अंदर चले गए। महज कुछ समय बाद जब वे किसी काम के सिलसिले में दोबारा घर से बाहर निकले, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के बाहर खड़ी उनकी बाइक वहां से गायब हो चुकी थी। दिनदहाड़े व्यस्त इलाके से बाइक चोरी होने का पता चलते ही आसपास के पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सीसीटीवी में कैद हुआ चोर का 'स्टाईलिश' अंदाज बाइक न मिलने पर जब पीड़ित धनीराम और पड़ोसियों ने आसपास के मकानों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया, तो उसमें हैरान कर देने वाला नजारा दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात शातिर बाइक चोर धनीराम की मोटरसाइकिल का लॉक खोलकर उसे ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरी की इस वारदात को अंजाम देते समय चोर के चेहरे पर पकड़े जाने का जरा सा भी डर या शिकन नजर नहीं आ रही थी। वह बाइक को इतनी सहजता और बेखौफ अंदाज में सड़क पर आगे बढ़ाकर ले गया, जैसे वह किसी और की नहीं बल्कि उसकी खुद की ही गाड़ी हो। चोर का फोटो दिखाने के बाद भी सुस्त बैठी पुलिस दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पीड़ित धनीराम तुरंत फुटेज और चोर का साफ स्क्रीनशॉट (फोटो) लेकर स्थानीय पुलिस चौकी और थाने पहुंचे। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों को चोरी की पूरी घटना की जानकारी दी और साक्ष्य के तौर पर चोर का चेहरा भी दिखाया। लेकिन सिस्टम की संवेदनहीनता देखिए, पुख्ता सबूत और चोर का चेहरा सामने होने के बावजूद भी पुलिस ने मामले में तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस उनकी बाइक चोरी की रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने को तक तैयार नहीं है और उन्हें टरकाया जा रहा है। पुलिस के इस सुस्त और उदासीन रवैये के कारण पीड़ित परिवार बेहद परेशान है, वहीं स्थानीय जनता में पुलिस प्रशासन की इस कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल पनप रहा है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Padma Awards: राष्ट्रपति भवन में ही-मैन धर्मेंद्र को मरणोपरांत मिला ‘पद्म विभूषण’, पुरस्कार लेते समय भावुक हुईं हेमा मालिनी [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]