यूनिक समय, वृंदावन। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर के समीप मंगलवार शाम को एक बेहद दर्दनाक और बड़ा हादसा सामने आया है। यहाँ मंदिर की ओर जाने वाली गली नंबर-5 में स्थित एक बेहद पुराने मकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर नीचे चल रहे श्रद्धालुओं पर गिर पड़ा। इस हादसे के बाद संकरी गली में अचानक अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। छज्जे के भारी मलबे की चपेट में आने से करीब नौ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से दो श्रद्धालुओं की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। तेज आंधी के बीच अचानक ढह गया छज्जा प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय दुकानदारों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ मौजूद थी। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु गली में कतारबद्ध होकर ठाकुर जी के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज आंधी चलने लगी। इसी बीच गली नंबर-5 के एक पुराने मकान के जर्जर छज्जे पर बंदरों का एक बड़ा झुंड आपस में उछल-कूद करने लगा। आंधी के दबाव और बंदरों के वजन के कारण सालों पुराना कमजोर हो चुका छज्जा अचानक टूटकर सीधे नीचे खड़ी भीड़ पर आ गिरा। छज्जे के साथ भारी मात्रा में ईंट, सीमेंट, पत्थर और कंक्रीट का भारी-भरकम मलबा सड़क पर गिरा, जिससे वहां खड़े श्रद्धालुओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। छज्जा गिरते ही पूरी गली में चीख-पुकार मच गया। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय ब्रजवासियों ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए तुरंत मलबे को हटाना शुरू किया और नीचे दबे लहूलुहान श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया। डीएम और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा हादसे की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस, एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें युद्धस्तर पर राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र और आसपास की गलियों में भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया, वहीं श्रद्धालुओं की आवाजाही को कुछ समय के लिए रोककर नियंत्रित किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मथुरा के जिलाधिकारी (डीएम) सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार भी तत्काल अमले के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शीर्ष अधिकारियों ने खुद घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अस्पताल जाकर घायलों के समुचित इलाज के निर्देश डॉक्टरों को दिए। इसके साथ ही डीएम ने नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों को मंदिर क्षेत्र के सभी जर्जर व खतरनाक भवनों को चिह्नित कर उनके खिलाफ तुरंत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। [embedpress]https://www.instagram.com/reel/DZX8y9ghM6q/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA[/embedpress] घायल श्रद्धालुओं में कई जिलों के लोग शामिल वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर मलबे में दबकर घायल हुए सभी नौ श्रद्धालुओं की पहचान पुलिस प्रशासन द्वारा पूरी संजीदगी के साथ कर ली गई है, जिसमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के रहने वाले यात्री शामिल हैं। पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार, घायलों में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी शिशुपाल के 35 वर्षीय पुत्र लक्ष्मीनारायण, आगरा निवासी सतीश के 35 वर्षीय पुत्र विजय और उनका 5 वर्षीय मासूम बेटा रुद्रांश, तथा इटावा निवासी मुकेश की 17 वर्षीय पुत्री आस्था भदौरिया शामिल हैं। इनके अलावा देश की राजधानी दिल्ली के जनकपुरी निवासी खुशीलाल के 65 वर्षीय पुत्र गोविंद भी इस हादसे की चपेट में आए हैं। वहीं, राजस्थान से ब्रज दर्शन करने आए श्रद्धालुओं में गोविंद लाल की 70 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी, ओमप्रकाश की 26 वर्षीय पुत्री चंचल प्रजापति, ओमप्रकाश की ही 48 वर्षीय पत्नी जानकी देवी, और जगवती की पुत्री मेधा सैनी गंभीर रूप से चोटिल हुई हैं। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इन सभी घायल श्रद्धालुओं के चिंतित परिजनों को घटना की आधिकारिक सूचना तत्काल दे दी गई है और स्थानीय जिला व पुलिस प्रशासन घायलों के समुचित उपचार को लेकर पूरी स्थिति पर लगातार अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mathura News: अधिकमास में FSDA की टीम ने मारा छापा; दूध, पनीर और पेड़ा सहित 10 खाद्य पदार्थों के नमूने सील ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]