यूनिक समय, मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के सुबह करीब साढ़े 3 बजे एक तेज रफ्तार वॉल्वो बस ने आगे जा रहे गिट्टी से लदे ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रेलर के भीतर करीब 8 फीट (दो से ढाई मीटर) तक घुस गया, जिससे बस के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक समेत 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 27 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। राया इलाके में हुआ हादसा एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि यह हादसा मथुरा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर राया कट से दो किमी पहले हुआ। गोला बस सर्विस की वॉल्वो बस (BR 28P 4723) करीब 65 यात्रियों को लेकर लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान बस बेकाबू होकर अपनी लेन में जा रहे गिट्टी से लदे ट्रेलर (RJ 47 GA 8143) में पीछे से जा घुसी। हादसा उस वक्त हुआ जब ज्यादातर यात्री गहरी नींद में सो रहे थे, जिससे कई लोग सीटों के बीच ही बुरी तरह फंस गए। स्थिति इतनी विकराल थी कि एक युवक का शव खिड़की से बाहर लटक गया। फंसे हुए यात्रियों और शवों को बाहर निकालने के लिए दमकल कर्मियों को गैस कटर से बस की बॉडी को काटना पड़ा। करीब दो घंटे तक चले कड़े रेस्क्यू के बाद खिड़कियां और गेट तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया। एसएसपी का बड़ा खुलासा मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि इस भीषण हादसे में बस चालक उपदेश यादव, परिचालक (कंडक्टर), क्लीनर और एक अन्य यात्री की मौत हो गई है। मृतकों में से केवल चालक उपदेश की पहचान हो सकी है, जबकि अन्य 3 के नाम और पते की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में एसएसपी ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि हादसे के वक्त नियमित ड्राइवर बस नहीं चला रहा था, बल्कि कंडक्टर स्टीयरिंग संभाले हुए था। बस की रफ्तार बेहद तेज थी और कंडक्टर अचानक संतुलन खो बैठा, जिससे वह बस को संभाल नहीं पाया और गाड़ी सीधे ट्रेलर में जा घुसी। हादसे की मुख्य वजह बस स्टाफ की घोर लापरवाही और ओवरस्पीडिंग मानी जा रही है। घायलों के लिए बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर घटना की सूचना सुबह 3.35 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मिली, जिसके बाद तुरंत 8 पीआरबी और 12 एंबुलेंस को मौके पर रवाना किया गया। घायलों को बिना समय गंवाए तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। सभी 27 घायलों को इलाज के लिए मथुरा जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ से 3 यात्रियों की हालत गंभीर होने (जांघ की हड्डी में फ्रैक्चर) के कारण उन्हें आगरा रेफर किया गया है। [embedpress]https://www.instagram.com/reel/DaMq2Z-jjdH/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA[/embedpress] हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं, बस में सवार अन्य 34 सुरक्षित यात्रियों को प्रशासन द्वारा दूसरी बसों का इंतजाम कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Kasganj Aircraft Crash: कासगंज में निर्माणाधीन हाईवे पर ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश; महिला पायलट गंभीर रूप से घायल ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]