यूनिक समय, मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में बहुचर्चित ललिता गौतम हत्याकांड का मामला शुक्रवार को एक बार फिर पूरी तरह गरमा गया। दलित समाज की बेटी ललिता के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने और उन्हें सांत्वना देने आ रहे नगीना सांसद व आजाद समाज पार्टी (आसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले को मेरठ पुलिस ने शहर में प्रवेश करने से पहले ही दौराला टोल प्लाजा पर रोक दिया। पुलिस द्वारा भारी बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता रोके जाने से मौके पर जबरदस्त तनाव व्याप्त हो गया। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं और भारी पुलिस बल के बीच जमकर तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। चंद्रशेखर आजाद पीड़ित परिवार से मिलने के लिए अपनी गाड़ी के आगे अड़ गए, जिसके बाद बैकफुट पर आई पुलिस ने दौराला टोल प्लाजा पर ही ललिता के परिजनों को बुला लिया। इसके बाद टोल प्लाजा ही छावनी में तब्दील हो गया और वहीं महापंचायत शुरू कर दी गई। लाठीचार्ज और थप्पड़बाजी की गूंज के बाद पहुंचे चंद्रशेखर गौरतलब है कि दो दिन पहले मेरठ कलेक्ट्रेट परिसर में ललिता गौतम को न्याय दिलाने के लिए प्रदर्शन कर रहे परिजनों और दलित समाज के लोगों पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया था। इस दौरान एसएसपी द्वारा एक प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसकी गूंज पूरे उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में सुनाई दी थी। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव समेत तमाम विपक्षी दलों ने मेरठ पुलिस की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की थी, जिससे मेरठ पुलिस और एसएसपी सीधे तौर पर निशाने पर आ गए थे। इसी बीच सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पीड़ित परिवार से मिलकर आर-पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान करते हुए मेरठ कूच किया था। प्रशासन पर बरसे चंद्रशेखर दौराला टोल प्लाजा पर रोके जाने से नाराज सांसद चंद्रशेखर आजाद ने यूपी सरकार और मेरठ जिला प्रशासन पर तानाशाही का सीधा आरोप लगाया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा, "यह कैसी डिक्टेटरशिप है कि जनता के सेवक और जिले के बड़े अधिकारी एसी दफ्तरों में ताला बंद करके बैठ जाते हैं, लेकिन एक गरीब पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने और उनसे मिलने तक की जहमत नहीं उठाते। हम यहां न्याय की बात करने आए हैं और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।" चंद्रशेखर के कड़े रुख को देखते हुए आखिरकार प्रशासनिक अधिकारियों को झुकना पड़ा और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ललिता गौतम के परिवार को टोल प्लाजा पर ही लाकर सांसद से मिलवाया गया। टोल प्लाजा पर ही सजी 'महापंचायत' ललिता के परिजनों के पहुंचते ही दौराला टोल प्लाजा के पास ही आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में महापंचायत शुरू हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस के आला अधिकारियों, प्रशासनिक अफसरों और हाल ही में राजनीति में कदम रखकर आसपा में शामिल हुए पूर्व एडीजी प्रेम प्रकाश के साथ चंद्रशेखर आजाद की लंबी वार्ता (पंचायत) हुई। इस वार्ता के दौरान सांसद ने कलेक्ट्रेट के भीतर हुए पूरे घटनाक्रम पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा किया। [embedpress]https://x.com/uniquesamaynews/status/2075529138698637474[/embedpress] लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा महापंचायत को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कलेक्ट्रेट परिसर में हुए दमन चक्र का जिक्र करते हुए कहा कि अपनी बेटी की हत्या के बाद न्याय की गुहार लगाने आए पीड़ितों के साथ अपराधियों जैसा सलूक किया गया। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर ताला लगा देना और शांतिपूर्ण ढंग से धरने पर बैठे असहाय पीड़ितों पर बर्बरता से लाठीचार्ज करना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। पीड़ित परिवार सिर्फ अपनी सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा था, लेकिन उन्हें इंसाफ के बदले लाठियां और थप्पड़ दिए गए। फिलहाल, दौराला टोल प्लाजा समेत पूरे क्षेत्र में एहतियातन भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार चंद्रशेखर और उनके कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। स्थिति पर पल-पल की नजर रखी जा रही है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: UP News: अयोध्या में गरजे सीएम योगी: कहा— ‘सपा-कांग्रेस ने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप किया’ ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]