यूनिक समय, नई अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद और विकास कार्यों को लेकर विपक्षी दलों पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को अयोध्या में 432 करोड़ रुपये से अधिक की 217 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम योगी ने मंच से हुंकार भरते हुए विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने इतिहास के पन्नों को पलटते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि रामभक्तों और कारसेवकों पर गोलियां चलवाने वाले आज नेपथ्य (गायब) में चले गए हैं और अयोध्या तीनों लोकों से सुंदर नगरी बन चुकी है। "क्या कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़वा पाएगा?" मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने चिरपरिचित अंदाज में विपक्ष की आस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, "आज जो लोग अचानक आस्था की बात कर रहे हैं, जरा उनका इतिहास याद करिए। इन लोगों ने हमारे पवित्र आस्था के केंद्र हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का कुत्सित काम किया था। मैं पूछता हूं, क्या कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़वा पाएगा? क्या कोई सरकार ऐसा करवा पाएगी?" सीएम ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का महापाप किसी और ने नहीं, बल्कि विपक्ष ने किया था। उन्होंने कहा कि जिनकी मंशा साफ होती है, उनके कार्य अपने आप सिद्ध होते हैं। आज प्रभु श्रीराम की कृपा और पवनसुत हनुमान जी के असीम आशीर्वाद से अयोध्या का कायाकल्प हो रहा है। श्रृंगवेरपुर को वक्फ के नाम पर कब्जाने की थी साजिश विपक्ष की पुरानी नीतियों पर हमला जारी रखते हुए सीएम योगी ने एक और बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकारों ने त्रेतायुग के ऐतिहासिक स्थल श्रृंगवेरपुर में भगवान श्रीराम और उनके परम मित्र निषादराज गुह के पावन मिलन स्थल को वक्फ बोर्ड के नाम पर दर्ज कराकर कब्जा करवाने की गहरी साजिश रची थी। उन्होंने आगे कहा कि आज डबल इंजन की भाजपा सरकार में न सिर्फ भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है, बल्कि निषादराज गुह के नाम पर श्रद्धालुओं के लिए आलीशान रैन बसेरा भी बनकर तैयार है, जिससे विपक्ष को भारी आपत्ति हो रही है। सपा करती थी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विरोध अयोध्या के आधुनिक विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "क्या कभी किसी ने सोचा था कि अयोध्या जैसी पावन नगरी में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन पाएगा? जब हम इसकी योजना बना रहे थे, तब समाजवादी पार्टी के लोग इसका पुरजोर विरोध कर रहे थे। वे एयरपोर्ट के नाम पर स्थानीय जनता और किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे।" योगी ने गर्व से कहा कि आज महर्षि वाल्मीकि के नाम पर बना 'अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट' पूरी तरह क्रियाशील है और देश के सभी प्रमुख शहरों के साथ सीधे हवाई मार्ग से जुड़ चुका है। सपा और कांग्रेस केवल इसलिए हर विकास कार्य का विरोध कर रहे हैं क्योंकि जो ऐतिहासिक काम वे अपने दशकों के शासनकाल में नहीं कर पाए, उसे आज भाजपा सरकार ने धरातल पर सच करके दिखा दिया है। ₹432 करोड़ की सौगात से चमकेगी राम नगरी इस भव्य कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने अयोध्या वासियों को 432 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचा, पर्यटन विकास, पेयजल, सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अयोध्या आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता उच्च स्तरीय होनी चाहिए। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Dhamaal 4 Review: धमाल 4 का सिनेमाघरों में धमाका; ‘ट्विटर’ पर दर्शकों के मिले-जुले रिव्यू, मिला U/A 13+ सर्टिफिकेट ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]