यूनिक समय, बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी जनपद के सुप्रसिद्ध पौराणिक स्थल लोधेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगात दी। उन्होंने एलान किया कि काशी विश्वनाथ की तर्ज पर अब बाराबंकी में भी भव्य 'लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर' का निर्माण कराया जाएगा। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों में जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा केवल कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर खर्च होता था, लेकिन हमारी सरकार ने उस पैसे का मुंह विकास और सनातन की विरासत की तरफ मोड़ दिया है। काशी-अयोध्या की तर्ज पर संवरेगा लोधेश्वर धाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर की बदहाली के लिए पूर्ववर्ती सरकारों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेव मंदिर में आसपास के कई जिलों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन सालों तक इस पावन स्थल को जीर्ण-शीर्ण हालत में छोड़ दिया गया। सीएम योगी ने कहा "साल 1947 के पहले गुलामी के कालखंड की स्थिति तो समझी जा सकती है, लेकिन आजादी के बाद भी दशकों तक मंदिर की यह दुर्दशा समझ से परे थी। पिछली सरकारों ने आस्था के इन केंद्रों के लिए कुछ नहीं किया। हमारी सरकार ने भारत की सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर के लिए भारी-भरकम बजट आवंटित कर दिया है। यहां न सिर्फ भव्य कॉरिडोर बनेगा, बल्कि मंदिर तक आने-जाने के लिए शानदार फोर-लेन सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा। आज जैसे लोग काशी और अयोध्या जाकर दुआएं देते हैं, वैसे ही लोधेश्वर कॉरिडोर बनने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालु आशीर्वाद देंगे।" सपा-कांग्रेस पर तीखा प्रहार विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस के राज में जनता के टैक्स के पैसे का जमकर दुरुपयोग होता था। त्योहारों पर पाबंदियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा और रामनवमी जैसे पावन समारोहों को सरकारी आदेशों से रोक दिया जाता था और विपक्षी दल इसे ही अपनी 'धर्मनिरपेक्षता' (Secularism) कहते थे। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर हुंकार भरते हुए कहा कि पहले की सरकारों के समय उत्तर प्रदेश में कट्टा और बम संस्कृति फल-फूल रही थी, लेकिन आज राज्य में डिफेंस कॉरिडोर के जरिए ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। सपा पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा, "पहले एक कहावत चलती थी- 'देख सपाई, बेटी घबराई', लेकिन आज हमारी सरकार में बेटियां भी सुरक्षित हैं और व्यापारी भी। अब अगर यूपी में कोई भी उपद्रव या अपराध करेगा, तो उसके लिए या तो जेल में जगह होगी या फिर सीधे जहन्नुम में।" जेपीएनआईसी और रिवर फ्रंट पर घेरा मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों के वित्तीय घोटालों और फिजूलखर्ची के आंकड़े जनता के सामने रखे। उन्होंने कहा कि लखनऊ की जेपीएनआइसी (JPNIC) बिल्डिंग को सपा सरकार को मात्र 200 करोड़ रुपये में तैयार करना था, लेकिन जनता के 800 करोड़ रुपये फूंकने के बाद भी वह बिल्डिंग अधूरी रह गई। यही हाल 1700 करोड़ रुपये के गोमती रिवर फ्रंट का हुआ, जो आज तक पूरा नहीं हो सका। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए सीएम योगी ने कहा, "सपा सरकार के समय पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिए 15 हजार 200 करोड़ रुपये का भारी टेंडर निकाला गया था, लेकिन हमारी सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ काम करते हुए उसे महज 11 हजार 800 करोड़ रुपये में ही बनाकर तैयार कर दिया और जनता के करोड़ों रुपये बचाए। यह पैसा किसी सैफई परिवार की बपौती नहीं बल्कि जनता का है, जिसे अब हमने लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर के विकास में लगा दिया है।" संबोधन के अंत में उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि सपा-कांग्रेस से जितनी दूरी बनाकर रखेंगे, उतना ही भविष्य सुरक्षित रहेगा। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Delhi Protest: कॉकरोच जनता पार्टी का बड़ा दावा; “अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने लिया हिरासत में” ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]