यूनिक समय, नई दिल्ली। देश भर में नीट (NEET) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, शिक्षा में भ्रष्टाचार तथा निजीकरण के खिलाफ छात्र संगठनों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को बिहार की राजधानी पटना में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के नेतृत्व में निकाले गए राजभवन मार्च के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। पुलिस प्रशासन के कड़े पहरे और लाठीचार्ज के बावजूद हजारों की संख्या में छात्र बैरिकेडिंग तोड़ते हुए डाकबंगला चौराहे तक जा पहुंचे, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जेपी गोलंबर पर पुलिस से तीखी नोकझोंक गांधी मैदान से शुरू हुआ छात्र संगठन आइसा का राजभवन मार्च जैसे ही जेपी गोलंबर के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद पुलिस बल ने मजबूत बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोक लिया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वापस लौटने की अपील की, लेकिन आक्रोशित छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और अपनी मांगों पर अड़े रहे। छात्र जब बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे, तो पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, वाटर कैनन से पानी की तेज बौछारें छोड़ीं और आंसू गैस के कई गोले दागे। पुलिसिया कार्रवाई के बाद भी डटे रहे छात्र पानी की बौछार और आंसू गैस के हमलों के बाद भी हजारों छात्र जेपी गोलंबर पर डटे रहे और सरकार विरोधी नारेबाजी करते रहे। कुछ छात्र विरोध स्वरूप सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस लगातार उन्हें समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन लगभग 20 मिनट के कड़े संघर्ष के बाद छात्रों के उग्र जत्थे ने जेपी गोलंबर पर लगाई गई बैरिकेडिंग को उखाड़ फेंका और डाकबंगला चौराहे की ओर निकल गए। डाकबंगला चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात जेपी गोलंबर से आगे बढ़कर हजारों की संख्या में छात्र अब पटना के व्यस्ततम डाकबंगला चौराहे पर पहुंच चुके हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने डाकबंगला चौराहे पर भी फिर से मजबूत बैरिकेडिंग कर दी है। मौके पर भारी पुलिस बल, वाटर कैनन की गाड़ियां और आंसू गैस के गोलों से लैस जवान तैनात हैं। पूरे मार्ग पर तनाव का माहौल बना हुआ है। जंतर-मंतर आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन प्रदर्शनकारी आइसा नेताओं ने बताया कि यह राजभवन मार्च दिल्ली के जंतर-मंतर पर देश भर के छात्रों द्वारा नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया गया है। छात्रों का कहना है कि दिल्ली में शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिसिया बर्बरता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह लड़ाई जारी रहेगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: RRB JE Recruitment 2026: रेलवे ने 4,098 पदों पर निकाली बंपर भर्तीया; जानें आवेदन तिथियां और योग्यता ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]