यूनिक समय, मथुरा। कान्हा की नगरी मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र अंतर्गत बाटी गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला का खून से लथपथ गला कटा शव उसके ही घर के ऊपरी कमरे में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। छत के रास्ते पहुंचे पड़ोसी प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान राजपाल की पत्नी विजय के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तक जब घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला और काफी आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई आहट नहीं मिली, तो पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कुछ ग्रामीण पास के मकान की छत के रास्ते राजपाल के घर के ऊपरी हिस्से में पहुंचे। बिस्तर पर पड़ा था खून से लथपथ शव घर के ऊपरी हिस्से में पहुंचे लोगों ने देखा कि कमरे का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि एक छोटा दरवाजा खुला हुआ था। कमरे के भीतर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। महिला का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था और उसका गला रेता गया था। चारों तरफ काफी खून फैला हुआ था। घटना की विभीषिका को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पति और बेटे रहते हैं बाहर वारदात की सूचना मिलते ही सीओ सदर और जैंत थानाध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका के पति और दोनों बेटे बाहर रहकर नौकरी करते हैं, जिसके चलते वह घर पर अकेली रहती थीं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के वक्त कोई बाहरी व्यक्ति घर में दाखिल हुआ था या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आने के बाद ही हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: संसद में ‘एंटी पेपर लीक बिल’ पर प्रियंका गांधी का केंद्र पर हमला, बोलीं- “PM कैमरे का नहीं, अपने दिल का एंगल बदलें” ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]