यूनिक समय, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व उपकप्तान और दिग्गज मध्यक्रम बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और इसके सभी प्रारूपों (फॉर्मेट) से संन्यास की घोषणा कर दी है। भारत के लिए कई ऐतिहासिक जीत दर्ज कराने वाले रहाणे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक खिलाड़ी के रूप में अब आगे बढ़ने का यही सही समय है। 'हर चीज की एक शुरुआत और अंत होता है' रहाणे ने अपने संन्यास वीडियो में जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर विचार साझा करते हुए कहा, "जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज की शुरुआत होती है और एक अंत भी होता है। जब सही समय आता है, तो हमें बस उसका सम्मान करना होता है और आगे बढ़ना होता है। मैंने मैदान पर अपनी बल्लेबाजी में हमेशा टाइमिंग पर भरोसा किया है और उसकी अहमियत को समझा है। आज मुझे लगता है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को अलविदा कहने का यह बिल्कुल सही वक्त है।" अगली पीढ़ी के मार्गदर्शन के लिए रहेंगे तत्पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा लेने के बावजूद रहाणे ने साफ किया कि खेल के साथ उनका रिश्ता हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि एक भारतीय क्रिकेटर के रूप में उनका अध्याय भले ही समाप्त हो रहा हो, लेकिन क्रिकेट से मिली सीख और मूल्यों को वे युवा खिलाड़ियों और अगली पीढ़ी के साथ साझा करने के लिए तत्पर हैं। वे उस खेल को वापस योगदान देना चाहते हैं, जिसने उन्हें सबकुछ दिया है। ऑस्ट्रेलिया में सुनहरा दौर अजिंक्य रहाणे के करियर का सबसे यादगार और ऐतिहासिक अध्याय 2020-21 का ऑस्ट्रेलिया दौरा रहा। एडिलेड टेस्ट में भारतीय टीम के मात्र 36 रन पर सिमटने और नियमित कप्तान विराट कोहली के स्वदेश लौटने के बाद रहाणे ने टीम की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में भारत ने मेलबर्न टेस्ट में शानदार वापसी की, जहां उन्होंने खुद शतकीय पारी खेली। इसके बाद ब्रिसबेन के 'गाबा' मैदान पर भारत ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलिया का 32 साल पुराना अजेय रिकॉर्ड तोड़ा और सीरीज 2-1 से अपने नाम की। रहाणे ने टेस्ट क्रिकेट में 6 मैचों में कप्तानी की, जिनमें से भारत ने 4 जीते और 2 मैच ड्रॉ रहे। अजिंक्य रहाणे ने वर्ष 2011 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पर्दापण किया था और अपने 12 साल के शानदार करियर के दौरान भारत के लिए कुल 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। 12 साल का शानदार अंतरराष्ट्रीय सफर और रिकॉर्ड्स उन्होंने अपना पहला टेस्ट मैच 22 मार्च 2013 को दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था, जबकि 20-24 जुलाई 2023 को पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतिम टेस्ट खेला। वनडे क्रिकेट में रहाणे ने 3 सितंबर 2011 को इंग्लैंड के खिलाफ पदार्पण किया था और 16 फरवरी 2018 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना आखिरी वनडे मैच खेला। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो उन्होंने 31 अगस्त 2011 को इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेला और 28 अगस्त 2016 को वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतिम बार भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। रहाणे ने तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम का नेतृत्व भी किया, जिसमें उनकी कप्तानी में भारत ने खेले गए सभी 3 वनडे मैचों में जीत हासिल की और 2 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से 1 में जीत दर्ज की। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Ramayana Trailer: ‘रामायण: पार्ट 1’ का भव्य ट्रेलर ब्रह्म मुहूर्त में जारी; रणबीर कपूर का भव्य रूप और यश का दिखा खौफनाक अंदाज ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]