यूनिक समय, मथुरा। महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बाइज्जत बरी होने के बाद पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह धार्मिक नगरी वृंदावन पहुंचे। उन्होंने वाराह घाट स्थित आनंद लाडली धाम आश्रम में अपने गुरु संत रितेश्वर महाराज के दरबार में हाजिरी लगाई और गुरु की चरण पादुकाओं के समक्ष साष्टांग दंडवत प्रणाम कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम पहुंचने पर सेवादारों ने तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात उन्होंने आश्रम में स्थित शिवलिंग का जलाभिषेक व विशेष पूजन-अर्चन किया और गुरु के साथ एकांत में वार्ता की। वैश्विक स्तर पर चला मेरे खिलाफ आंदोलन: ब्रजभूषण मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने पूरे घटनाक्रम पर बेबाकी से अपनी बात रखते हुए कहा कि उनके खिलाफ चलाया गया आंदोलन भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर प्रायोजित था। उन्होंने बताया कि अदालत का फैसला आने से पहले भी वे गुरुदेव का आशीर्वाद लेने आए थे और अब बरी होने के बाद अपने घर लौटने से पहले पुन: दर्शन करने आए हैं, क्योंकि न्यायपालिका ने उनके खिलाफ लगाए गए तमाम बेबुनियाद आरोपों को खारिज कर दिया है। यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ जितना बड़ा प्रदर्शन हुआ वैसा दुनिया में कहीं नहीं हुआ, यहाँ तक कि कनाडा और अमेरिका तक में प्रदर्शन आयोजित कराए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भले ही आरोप लगाने वालों में ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी शामिल थे, लेकिन इस पूरे षड्यंत्र के पीछे विपक्ष का हाथ था। अपनी बात दोहराते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले दिन ही स्पष्ट कर दिया था कि यदि उनके खिलाफ एक भी आरोप साबित हो जाता है तो वे स्वयं फांसी पर लटक जाएंगे और पहले दिन जो उनका स्टैंड था, आज भी वही है। धर्म और सत्य की हुई जीत: संत रितेश्वर महाराज पूर्व सांसद के बरी होने पर संत रितेश्वर महाराज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने वालों की अंततः विजय होती है। न्यायपालिका ने पूरी निष्ठा से अपना दायित्व निभाया है। उन्होंने ब्रजभूषण सिंह को पुत्र समान बताते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी राष्ट्र और सनातन धर्म की सेवा में समर्पित रहेंगे। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: US-Iran War: डोनाल्ड ट्रंप का पाकिस्तान को बड़ा झटका; अमेरिका-ईरान शांति मध्यस्थता से निकाला बाहर ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]