यूनिक समय, मथुरा। भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आगामी 7 से 9 अगस्त तक श्रीधाम वृंदावन के तीन दिवसीय आध्यात्मिक प्रवास पर रहेंगे। अपने इस ब्रज प्रवास के दौरान वे बांकेबिहारी, राधारमण जी सहित ब्रज के प्रमुख मंदिरों, आश्रमों और ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके अलावा, वे रुक्मिणी विहार स्थित 'सिग्नेचर वृंदावन धाम' का विधिवत उद्घाटन भी करेंगे। पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित संस्थाओं ने सुरक्षा व्यवस्था व तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 7 अगस्त: आगमन, बांकेबिहारी मंदिर दर्शन और रासलीला अवलोकन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी पत्नी सविता कोविंद और पुत्री स्वाति कोविंद के साथ सड़क मार्ग से वृंदावन पहुंचेंगे। वे 7 अगस्त की सुबह 9:30 बजे नई दिल्ली स्थित अपने आवास (12 जनपथ) से रवाना होंगे और जेवर टोल प्लाजा पर संक्षिप्त विश्राम के बाद दोपहर करीब 12 बजे वृंदावन के विवांता होटल पहुंचेंगे। दोपहर के भोजन और विश्राम के बाद, शाम 6 बजे वे श्री बांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर ठाकुरजी के दर्शन व पूजा-अर्चना करेंगे। बांकेबिहारी जी के दर्शन के बाद वे प्रेम मंदिर जाएंगे और फिर धनुका आश्रम पहुंचकर भव्य रासलीला का आनंद लेने के पश्चात विवांता होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। 8 अगस्त: संतों से मुलाकात, सिग्नेचर वृंदावन धाम का उद्घाटन और रामकथा प्रवास के दूसरे दिन पूर्व राष्ट्रपति कई प्रमुख धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे सुबह होटल से निकलकर रामकृष्ण मिशन जाएंगे और वहां पूज्य संतों से मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात वे रुक्मिणी विहार स्थित 'सिग्नेचर वृंदावन धाम' पहुंचकर आश्रम का विधिवत उद्घाटन करेंगे। दोपहर विश्राम के बाद, शाम 4 बजे वे आयोजित रामकथा में सम्मिलित होंगे और कथा समापन के उपरांत पुराने इस्कॉन मंदिर (श्री श्री कृष्ण बलराम मंदिर) में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करेंगे। 9 अगस्त: निधिवन, सेवाकुंज भ्रमण और दिल्ली वापसी अपने आध्यात्मिक प्रवास के अंतिम दिन पूर्व राष्ट्रपति ब्रज के अत्यंत प्राचीन और दिव्य स्थलों के दर्शन करेंगे। सुबह वे व्यजयंती आश्रम और पुंडरीक महाराज आश्रम जाएंगे। इसके बाद प्रसिद्ध श्रीराधारमण मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन-पूजन करेंगे। मंदिर दर्शन के उपरांत वे ब्रज के परम पावन ऐतिहासिक स्थल निधिवन और सेवाकुंज का भ्रमण करेंगे। सिग्नेचर वृंदावन धाम में दोपहर का भोजन करने के उपरांत शाम 4 बजे वे सड़क मार्ग द्वारा नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रशासन ने कसी कमर पूर्व राष्ट्रपति के तीन दिवसीय दौरे को देखते हुए मथुरा-वृंदावन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वीआईपी रूट, मंदिर परिसरों और विश्राम स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि आम श्रद्धालुओं को भी असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता रहे। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Lock Upp Season 2: ‘लॉक अप 2’ को मिला विनर; श्रेया कालरा ने जीती चमचमाती ट्रॉफी और ₹1 करोड़ रुपये का इनाम ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]