यूनिक समय, बरसाना (मथुरा)। आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज का पावन पर्व एक साथ होने के कारण बरसाना में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है। इस भव्य आयोजन को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार सिंह और सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में पुलिस, नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। लाडली जी के होंगे दिव्य दर्शन राधारानी मंदिर के रिसीवर डॉ. यज्ञ पुरुष गोस्वामी ने जानकारी दी कि हरियाली तीज पर लाडली जी के विशेष दर्शन का आयोजन होगा। 15 अगस्त की शाम लगभग 4:30 बजे श्रीजी महाराज विशेष रूप से सुसज्जित डोले में विराजमान होकर मंदिर परिसर से नीचे फूलों से सजी 'सफेद छतरी' में पधारेंगी। शाम 6:30 बजे तक श्रद्धालुओं को प्रिया-प्रियतम की इस मनमोहक और अलौकिक झांकी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। मंदिर मार्ग रहेगा वन-वे दर्शनार्थियों की अप्रत्याशित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए राधारानी मंदिर मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। श्रद्धालुओं को सुदामा चौक स्थित पुरानी सीढ़ियों के रास्ते प्रवेश दिया जाएगा, जबकि निकास के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। सफेद छतरी के आसपास भीड़ का दबाव न बढ़े, इसके लिए जगह-जगह रस्सियां लगाकर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध किया जाएगा। इसके अलावा जयपुर मंदिर की ओर से आने वाले परिक्रमार्थियों के लिए बड़ी सिंहपौर से प्रवेश की अलग व्यवस्था बनाई गई है। बाहरी वाहनों की नो-एंट्री सीओ अनिल कुमार सिंह ने जानकारी दी है कि शनिवार को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक बरसाना कस्बे में बाहरी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही जयपुर मंदिर मार्ग पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। बाहर से आने वाले सभी श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क कराया जाएगा। वहीं, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए एसडीएम सुशील कुमार सिंह ने नगर पंचायत और पुलिस की संयुक्त टीम को जयपुर मंदिर मार्ग, 'हमारो प्यारो बरसाना' गेट और लाडो द्वार के आसपास से तत्काल अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश दिए हैं। मंदिर प्रबंधन की अपील मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जूते-चप्पल नीचे बने जूताघर या अपनी गाड़ियों में ही उतारकर ऊपर आएं, ताकि मंदिर परिसर में अव्यवस्था न हो। बैठक में तहसीलदार गोवर्धन, चेयरमैन प्रतिनिधि पदम फौजी, एसडीओ रामसेवक गुप्ता, सीएचसी प्रभारी डॉ. विक्रमादित्य चौधरी और रिसीवर सुशील गोस्वामी सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mathura News: हरिद्वार से कांवड़ में 51 लीटर गंगाजल भरकर लाया युवक; पहले भोलेनाथ, फिर माता-पिता का किया जलाभिषेक ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]