2.83 लाख रुपये गबन का आरोप, न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई विभागीय जांच में भी सामने आई रकम हड़पने की शिकायत यूनिक समय, मथुरा। जैत थाना क्षेत्र में माइक्रो क्रेडिट कंपनी से जुड़े पूर्व कर्मचारी पर 178 महिलाओं से ऋण की किस्तें वसूलने के बाद रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं करने का आरोप लगा है। करीब 2.83 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छटीकरा स्थित एएसए सोनाटा माइक्रो क्रेडिट लिमिटेड के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक सुनील कुमार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आगरा के किरावली क्षेत्र के तेहरावती निवासी धीरज कुमार पूर्व में सोनाटा फाइनेंस में कर्मचारी था। आरोप है कि उसने अपने कार्यक्षेत्र की 178 महिलाओं से ऋण की किस्तों की रकम कंपनी के नियमों के विपरीत वसूल की, लेकिन पूरी धनराशि कंपनी के खाते में जमा नहीं की। शिकायत के मुताबिक, जांच में करीब 2,83,850 रुपये की रकम का हिसाब सामने आया। विभागीय स्तर पर हुई जांच में संबंधित कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आने की बात कही गई है। जांच के दौरान शाखा प्रबंधक गोविंद यादव से 30 महिलाओं से कथित तौर पर अवैध तरीके से वसूली गई 41,650 रुपये की रकम की रिकवरी भी हुई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि धीरज कुमार ने कंपनी अथवा बैंक खाते में संबंधित रकम जमा नहीं की। मामले में कार्रवाई के लिए 27 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थनापत्र भेजा गया था। कार्रवाई न होने पर शिकायतकर्ता ने न्यायालय की शरण ली।न्यायालय के आदेश के बाद जैत पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, रकम के लेनदेन और विभागीय जांच से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।