यूनिक समय, वृंदावन। धर्मनगरी के रुक्मिणी विहार स्थित एक गेट बंद हाई-प्रोफाइल सोसाइटी से सुरक्षा व्यवस्था को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां चोरों ने एक बंद फ्लैट के ताले चटकाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित फ्लैट मालिक भारतीय सेना में तैनात हैं और घटना के समय अपने कर्तव्य पर दिल्ली में मौजूद थे। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरी सोसाइटी के निवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। सेना के जवान का फ्लैट था 7 दिनों से बंद प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुक्मिणी विहार क्षेत्र स्थित कान्हा माखन सोसाइटी के 'धाम-6' अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 504 में यह चोरी हुई। यह फ्लैट भारतीय सेना में कार्यरत बांके बिहारी गौड़ का है। बांके बिहारी की तैनाती इस समय दिल्ली में है, जबकि उनकी पत्नी दुर्गेश गौड़ अपनी सास की तबीयत खराब होने के कारण पिछले 8 दिनों से पास के ही गांव परखम गुर्जर गई हुई थीं। फ्लैट पिछले एक सप्ताह से पूरी तरह बंद पड़ा था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने सोमवार की आधी रात को इस घटना को अंजाम दिया। सुबह पड़ोसी ने देखा ताला टूटा, अलमारी से सामान गायब मंगलवार सुबह जब पड़ोसियों ने फ्लैट का मुख्य ताला टूटा हुआ देखा, तो उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी दुर्गेश गौड़ को दी। सूचना मिलते ही दुर्गेश और उनके ससुराल वाले मौके पर पहुंचे। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि बेडरूम की अलमारी खुली पड़ी थी और सारा सामान अस्त-व्यस्त था। पीड़िता के अनुसार, चोर अलमारी में रखे 3 सोने की चेन, 6 सोने की अंगूठियां (2 जेंट्स व 4 लेडीज), 2 मंगलसूत्र, 4 जोड़ी चांदी की पायजेब और 2 लाख रुपये नगद समेटकर फरार हो गए। गेटबंद सोसाइटी और सुरक्षा गार्ड्स पर उठे सवाल कान्हा माखन सोसाइटी चारों तरफ से ऊंची बाउंड्री वॉल से घिरी हुई है और मुख्य द्वार पर 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। इसके बावजूद दूसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट का ताला तोड़कर इतनी बड़ी चोरी हो जाना सोसाइटी की सुरक्षा प्रबंधों पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब गेटबंद परिसरों में ही लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम इलाकों का क्या हाल होगा। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलने पर अद्धा पुलिस चौकी प्रभारी रोहित तेवतिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि सोसाइटी के मुख्य गेट और अपार्टमेंट परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगाला जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Cricket: हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी सभी फॉर्मेट्स की कप्तानी; इमोशनल पोस्ट शेयर कर बोलीं—”कप्तानी खत्म हुई, लेकिन सफर जारी है” ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]