यूनिक समय, नई दिल्ली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हो गया है। बदरीनाथ और ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के बीच हुए इस हादसे में चार लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह हेलीकॉप्टर 'ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड' का था, जो बदरीनाथ से उड़ान भरकर देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड पर उतरने वाला था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर किसी चट्टान पर गिरा हो सकता है। मौसम खराब होने के बावजूद शुक्रवार को क्षेत्र में कई चार्टर उड़ानों का संचालन किया जा रहा था, इसी दौरान दोपहर करीब 1:12 बजे उड़ान भरने वाला यह हेलीकॉप्टर लापता हो गया था और बाद में दुर्घटनाग्रस्त पाया गया। एहतियात के तौर पर कंपनी के अन्य सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। सेना और SDF का राहत व बचाव अभियान हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस के साथ-साथ सेना की टीमें भी तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं। सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाल ली है और युद्धस्तर पर राहत कार्य जारी है। यूकाडा (UCADA) के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि टीमों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इस दुर्घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाया जाए। हेलीकॉप्टर में सवार यात्रियों और पायलट का विवरण बदरीनाथ से देहरादून लौट रहे इस हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे, जिनकी पहचान स्पष्ट हो गई है। हेलीकॉप्टर का संचालन 48 वर्षीय दिल्ली निवासी कैप्टन हिमांशु सभरवाल कर रहे थे। विमान में सवार सभी पांचों यात्री कर्नाटक क्षेत्र के रहने वाले थे, जिनमें 41 वर्षीय प्रतापा, 44 वर्षीय अरुण सालुंके, 39 वर्षीय वीबी शंकर गौड़ा, 50 वर्षीय सुधीर के. और एसएस नटराजा शामिल थे। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: IND vs NZ 4th T20I: ऑकलैंड टी20 में न्यूजीलैंड ने खड़ा किया 260 रनों का विशाल स्कोर; टीम इंडिया को 87 रनों से मिली बड़ी हार ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]