Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

अहमदाबाद विमान हादसा: केंद्र सरकार ने दी जानकारी, उड़ान के तुरंत बाद हुआ क्रैश

by Arpita Singh • June 14, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। 12 जून को अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे को लेकर केंद्र सरकार ने पहली बार आधिकारिक जानकारी साझा की है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद केवल 650 फीट की ऊंचाई तक पहुंच पाई थी, जिसके बाद विमान ने अचानक तेजी से ऊंचाई खो दी।

नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा के अनुसार, उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद पायलट ने दोपहर 1:39 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को ‘मे डे’ कॉल दी, जो गंभीर संकट की स्थिति को दर्शाती है। एक मिनट के भीतर ही विमान अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके में स्थित एक मेडिकल हॉस्टल पर गिर गया।

सिन्हा ने यह भी जानकारी दी कि यह विमान इससे पहले पेरिस से दिल्ली और फिर अहमदाबाद तक का सफर बिना किसी तकनीकी खराबी के तय कर चुका था। हादसे में विमान में सवार 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो गई, जबकि सिर्फ एक व्यक्ति ही बच पाया। इसके अलावा, मेडिकल हॉस्टल परिसर में भी 20 से ज्यादा लोगों की जान गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने गृह सचिव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। इस समिति में केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। समिति को तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।

DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) के निर्देश पर एयर इंडिया के सभी बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों की जांच की जा रही है। भारत में कुल 34 ड्रीमलाइनर मौजूद हैं, जिनमें से 8 विमानों की जांच पूरी हो चुकी है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों पर अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.