प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 72वां जन्मदिन था। इस अवसर पर उनके चाहने वालों ने उन्हें खूब शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। इनमें अनुपम खेर की मां दुलारी भी शामिल हैं। अनुपम ने अपनी मां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें वे मोदी को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दे रही हैं और उन्हें अपने बेटों (अनुपम और राजू) से भी बेहतर बता रही हैं। View this post on Instagram A post shared by Anupam Kher (@anupampkher) वीडियो में अनुपम खेर के छोटे भाई राजू दुलारी से कह रहे हैं कि आज मोदी जी का जन्मदिन है। आप कुछ कहना चाहती हैं उनको? इस पर दुलारी ने कहा, "उनको हजारों मांओं का आशीर्वाद है और मेरा भी आशीर्वाद है। बहुत बड़ा आशीर्वाद है उनको। सुबह से मैं कह रही हूं कि उनको आशीर्वाद है। वो कहता है कि मुझे दरख्तों में भी भगवान दिखता है। मुझे हजारों मांओं का आशीर्वाद है, अगर मैं अपनी मां के पास नहीं गया। वो खुद कहता है।" इस पर जब राजू ने पूछा कि उन्हें मोदी जी क्यों अच्छे लगते हैं तो उन्होंने कहा, "पता नहीं, लेकिन मुझे लगता है कि वो तुम लोगों से भी अच्छा है। वो है ही अच्छा, बहुत अच्छा है। मैं उनसे संतुष्ट हूं।" जब राजू ने दुलारी से मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए कहा तो वे बोलीं, "उन्हें बधाई और मैं उनसे मिलूंगी। Happy Birthday Modi Sahab." अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, "मां मोदी जी को जन्मदिन पर बधाई देना चाहती थीं। सो भाई राजू खेर ने वीडियो बनाया। दुलारी का कहना है कि मोदी जी को हज़ारों मांओं का आशीर्वाद है और मां को वो हमसे भी ज़्यादा अच्छे लगते है। उनकी ये दुआएं दिल से निकलती है। नरेन्द्र मोदी जी! करोड़ों मांओं का आशीर्वाद आप पर हमेशा रहें!" अनुपम का वीडियो देखने के बाद उनके फैन्स और करीबियों ने प्रतिक्रिया दी है। एक्ट्रेस कंगना रनोट ने कमेंट बॉक्स में लिखा है, "हमेशा चेहरे पर मुस्कराहट ला देती हैं माता जी। भगवान इनको लंबी आयु दे।" जवाब देते हुए अनुपम खेर ने कंगना का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने लिखा है, "शुक्रिया जी।" इससे पहले अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी की शपथ ग्रहण का वीडियो साझा कर उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी थीं। वर्क फ्रंट की बात करें तो पिछली बार 'द कश्मीर फाइल्स' में नजर आए अनुपम खेर की आने वाली फिल्मों में 'ऊंचाई', 'द सिग्नेचर', 'आईबी 71', 'नौटंकी', 'कागज़ 2' और 'इमरजेंसी' शामिल हैं।