Wed, Sep 23rd, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Asian Games 2026: एशियाई खेलों में मीराबाई चानू ने रचा इतिहास; वेटलिफ्टिंग में जीता ऐतिहासिक रजत पदक

by Tarun Bhardwaj • September 23, 2026
Mirabai Chanu creates history at the Asian Games

Asian Games 2026: एशियाई खेलों में मीराबाई चानू ने रचा इतिहास; वेटलिफ्टिंग में जीता ऐतिहासिक रजत पदक

इस खबर को सुनें • हिंदी

00:00
00:00
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। भारतीय भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) की स्टार खिलाड़ी मीराबाई चानू ने एशियाई खेलों में इतिहास रच दिया है। महिलाओं की 49 किग्रा भार वर्ग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए मीराबाई ने कुल 198 किग्रा वजन उठाकर भारत के लिए रजत पदक अपने नाम किया। यह एशियाई खेलों में मीराबाई का पहला पदक है, जिसके साथ ही भारत को भारोत्तोलन में 28 साल के लंबे इंतजार के बाद कोई एशियाई पदक प्राप्त हुआ है।

स्नैच और क्लीन एंड जर्क में दमदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता के दौरान मीराबाई ने लगातार अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी। स्नैच दौर में मीराबाई ने 83 किग्रा से शुरुआत की और अपने दूसरे प्रयास में 85 किग्रा सफलतापूर्वक उठाया, जिसके बाद उन्होंने तीसरे प्रयास में 87 किग्रा का सफल लिफ्ट कर पदक की रेस में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

क्लीन एंड जर्क दौर में उन्होंने 107 किग्रा के सफल प्रयास से शुरुआत करते हुए अपने दूसरे प्रयास में 111 किग्रा वजन उठाया। तीसरे प्रयास की आवश्यकता के बिना ही उनका कुल स्कोर 198 किग्रा दर्ज हो गया, जिसमें 87 किग्रा स्नैच और 111 किग्रा क्लीन एंड जर्क शामिल था, और इसी के साथ उन्होंने भारत के लिए रजत पदक पक्का कर दिया।

उत्तर कोरिया को स्वर्ण, इंडोनेशिया को कांस्य

स्पर्धा में उत्तर कोरिया की रि सोंग गुम ने कुल 215 किग्रा (स्नैच 94 किग्रा + क्लीन एंड जर्क 121 किग्रा) वजन उठाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। वहीं, इंडोनेशिया की विजायाना लुलुक डियाना त्रि ने कुल 191 किग्रा स्कोर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

कर्णम मल्लेश्वरी के बाद 28 साल बाद मिला पदक

भारत को एशियाई खेलों के भारोत्तोलन में इससे पहले आखिरी पदक 1998 के बैंकॉक एशियाई खेलों में मिला था, जब महान भारोत्तोलक कर्णम मल्लेश्वरी ने रजत पदक जीता था। इसके बाद से भारत इस खेल में पदक के लिए तरस रहा था। मीराबाई चानू ने अपने तीसरे प्रयास में इस सूखे को खत्म किया। इससे पहले वह 2014 और 2018 में भी हिस्सा ले चुकी थीं, जबकि 2022 के खेलों में चोट के कारण भाग नहीं ले पाई थीं।

इस ऐतिहासिक रजत के साथ ही एशियाई खेलों के इतिहास में भारत के भारोत्तोलन पदकों की कुल संख्या बढ़कर 15 (6 रजत और 9 कांस्य) हो गई है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: SIR Controversy: SIR विवाद पर चुनाव आयोग की दो टूक; कहा – ‘सर्वसम्मति से लिए गए सभी फैसले’

ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे  WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया ‘भारत टैक्सी’ और ‘कृषक समृद्धि’ पोर्टल का शुभारंभ एशियाई खेलों में मीराबाई चानू ने रचा इतिहास; वेटलिफ्टिंग में जीता ऐतिहासिक रजत पदक SIR विवाद पर चुनाव आयोग की दो टूक; कहा – ‘सर्वसम्मति से लिए गए सभी फैसले’ पत्नी, बेटे और दो पुजारियों की हत्या के बाद आरोपी अरविंद एनकाउंटर में ढेर वृंदावन में फर्जी साधु पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, लाठी-डंडों से पीटा बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का 75 वर्ष की उम्र में निधन TRAI का बड़ा फैसला; टेलीकॉम कंपनियों को लॉन्च करने होंगे बिना डेटा वाले सस्ते मंथली प्लान नाबालिग छात्रा से बदसलूकी मामले का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार