
यूनिक समय, नई दिल्ली। असम में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी कमर कस ली है। दिल्ली में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की मैराथन बैठक के बाद पार्टी ने एक साथ 88 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने प्रत्येक सीट पर गहन मंथन के बाद नामों पर अपनी अंतिम मुहर लगाई। इस सूची के साथ ही असम के चुनावी समर में सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
मुख्यमंत्री और दिग्गज मंत्रियों पर फिर जताया भरोसा
बीजेपी की इस पहली सूची में सबसे प्रमुख नाम मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा का है, जो अपनी पारंपरिक सीट जालुकबारी से एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरेंगे। पार्टी ने अपने कई कद्दावर मंत्रियों और मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया है। डिब्रूगढ़ से प्रशांत फुकन, नलबाड़ी से जयंत मल्ल बरुआ, और जागीरोड से पीयूष हाजरिका को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, सिलचर जैसी महत्वपूर्ण सीट से डॉ. राजदीप रॉय को टिकट देकर पार्टी ने बराक वैली में अपनी स्थिति मजबूत करने का संकेत दिया है।
क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की कोशिश
पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में असम के भौगोलिक और सामाजिक समीकरणों का पूरा ध्यान रखा है। गोलकगंज से अश्विनी राय सरकार, धुबरी से उत्तम प्रसाद और बिरसिंग जरूआ से माधवी दास को टिकट देकर पार्टी ने निचले असम में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की है। इसी तरह, लखीमपुर से मानब डेका, तिनसुकिया से पुलक गोहाई और जोरहाट से हितेंद्र नाथ गोस्वामी जैसे चेहरों को उतारकर ऊपरी असम के किलों को सुरक्षित करने की रणनीति बनाई गई है।
प्रमुख सीटों पर उम्मीदवारों की स्थिति
बीजेपी ने दिसपुर से प्रद्युत बोरदोलोई, नई गुवाहाटी से दिप्लु रंजन सरमा और गुवाहाटी सेंट्रल से विजय कुमार गुप्ता को मैदान में उतारकर राजधानी क्षेत्र में अपनी जीत सुनिश्चित करने की योजना बनाई है। इसके अलावा, बिहपुरिया से भूपेन कुमार बोरा, दुलियाजान से रामेश्वर तेली और गोलाघाट से अजंता नेओग जैसे प्रभावशाली नामों को शामिल कर पार्टी ने विपक्षी खेमे को कड़ी चुनौती दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में भी पार्टी ने रूपाली लंग्थासा (हाफलोंग) और डॉ. तुलीराम रोंगहांग (रोंगखांग) जैसे मजबूत चेहरों पर दांव खेला है।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Leave a Reply