Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

बलरामपुर: बारात से लौट रही कार को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 लोगों की मौत

by Arpita Singh • May 15, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें बारात से लौट रही एक अर्टिगा कार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना बहराइच मार्ग पर चकवा गांव के पास घटी। श्रावस्ती के वीरपुर भुलैया गांव से एक शादी समारोह में शामिल होकर बाराती लौट रहे थे। इटियाथोक थाना क्षेत्र के मध्यनगर गांव निवासी रामसेवक के बेटे बब्बीराज की बारात भुलैया गांव गई थी। देर रात बारात से लौटते समय अर्टिगा कार में कुल 12 लोग सवार थे।

रास्ते में चकवा गांव के समीप ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में इलाहाबाद निवासी 26 वर्षीय अभय कुमार (पुत्र सूर्यबली आर्या), गोंडा जिले के धानेपुर निवासी 30 वर्षीय फूल बाबू (पुत्र मोहन लाल), 25 वर्षीय जीवन (पुत्र विनोद कुमार), आठ वर्षीय आदित्य (पुत्र विनोद कुमार), और इटियाथोक निवासी 45 वर्षीय विजय कुमार (पुत्र बच्चा लाल) शामिल हैं।

घायलों में 12 वर्षीय विकास कुमार, 60 वर्षीय सीताराम, चार वर्षीय महक, आठ वर्षीय गोपाल, 55 वर्षीय राघवराम, 35 वर्षीय किशोर कुमार और 50 वर्षीय विनोद कुमार शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है और मामले की जांच जारी है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.