यूनिक समय, नई दिल्ली। तमिल सिनेमा के शीर्ष सुपरस्टार अजित कुमार के परिवार से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। अभिनेता की माता मोहिनी मणि का शनिवार को 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वह पिछले काफी समय से उम्र संबंधी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं, जिसके चलते उन्हें चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। दो साल पहले अपने पिता को खो चुके अजित कुमार के लिए मां का जाना एक असहनीय और गहरा आघात है। इस दुखद समाचार के मिलते ही पूरे दक्षिण भारतीय सिनेमा, राजनीतिक जगत और देश भर में शोक की लहर दौड़ गई है। आखिरी वक्त में साथ नहीं थे अजित कुमार पारिवारिक सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार, जब मोहिनी मणि ने अस्पताल में अंतिम सांस ली, उस समय सुपरस्टार अजित कुमार उनके पास मौजूद नहीं थे। अभिनेता किसी जरूरी यात्रा के सिलसिले में चेन्नई से बाहर गए हुए थे। मां के निधन की हृदयविदारक सूचना मिलते ही वह तुरंत घर लौटने का इंतजाम कर रहे हैं। अंतिम दर्शनों के लिए मोहिनी मणि के पार्थिव शरीर को अस्पताल से उनके चेन्नई स्थित आवास पर लाया जा चुका है, जहां प्रशंसक और फिल्मी हस्तियां अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंच रहे हैं। अजित कुमार अपनी मां के बेहद करीब थे और अक्सर उन्हें प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन कराने ले जाया करते थे। अपनी मां के प्रति इसी आगाध श्रद्धा के कारण उन्होंने अपने चैरिटी संगठन का नाम भी 'मोहिनी मणि फाउंडेशन' रखा है, जिसके जरिए वे सामाजिक कल्याण और स्वच्छता के कई कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री विजय का बड़ा ऐलान मोहिनी मणि के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने एक बड़ा ऐलान किया है। सीएम विजय ने दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "मुझे अपने दोस्त अजीत कुमार की माता मोहिनी अम्मायर के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है। वह अपने बेटे के जीवन के हर पड़ाव पर हमेशा शक्ति का एक मजबूत स्तंभ बनी रहीं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी पुण्यात्मा को शांति मिले। मैं अपनी मां को खोने के गम में डूबे अजीत कुमार और उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।" इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मोहिनी मणि का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान (State Honours) के साथ संपन्न कराया जाए। बड़ी हस्तियों ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि तमिल सुपरस्टार अजित कुमार की मां मोहिनी मणि के निधन पर दक्षिण भारत की तमाम बड़ी राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों ने अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी संवेदना साझा करते हुए लिखा कि अजित कुमार की माताजी मोहिनी मणि के निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा दुख हुआ है और वह इस मुश्किल समय में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं। इसके साथ ही तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी अभिनेता अजित कुमार के प्रति अपनी गहरी और हार्दिक संवेदना व्यक्त की है। वहीं वरिष्ठ अभिनेत्री राधिका सरथकुमार ने भी शोक जताते हुए लिखा कि मां के निधन की खबर अत्यंत दुखद है, ईश्वर इस कठिन घड़ी में पूरे परिवार को संबल और शक्ति प्रदान करें। उम्र संबंधी बीमारियों के चलते दम तोड़ने वाली मोहिनी मणि का अंतिम संस्कार कल यानी रविवार को चेन्नई में पूरे राजकीय सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ किए जाने की उम्मीद है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: India News: राजधानी दिल्ली में टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़; ISI और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क के 9 आतंकी गिरफ्तार ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]