Sat, Jun 27th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

70 साल में कांग्रेस ने नहीं दिखाई ऐसी महंगाई, देश कमजोर कर रही मोदी सरकार: राहुल गांधी

by Raju Chaurasia • September 4, 2022

70 साल में कांग्रेस ने नहीं दिखाई ऐसी महंगाई, देश कमजोर कर रही मोदी सरकार: राहुल गांधी

इस खबर को सुनें • हिंदी

00:00
00:00
Advertisement
Ad

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महंगाई पर हल्ला बोल रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में देश को ऐसी महंगाई नहीं दिखाई जैसी मोदी सरकार दिखा रही है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार उद्योगपतियों के बल पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार देश कमजोर कर रही है। इससे चीन और पाकिस्तान को फायदा हो रहा है।

राहुल गांधी ने कहा कि देश की हालत आपको दिख रही है। देश में क्या हो रहा है, क्या नहीं हो रहा है? आपसे नहीं छिपाया जा सकता। जब से बीजेपी की सरकार आई है तब से देश में नफरत और क्रोध बढ़ता जा रहा है। नफरत डर का एक रूप है, जिसे डर होता है उसी के दिल में नफरत पैदा होती है। जो डरता नहीं है, उसके दिल में नफरत पैदा नहीं होती है।

उन्होंने कहा कि देश में डर बढ़ता जा रहा है। लोगों को अपने भविष्य, महंगाई और बेरोजगारी का डर सता रहा है। इसके कारण नफरत बढ़ती जा रही है। नफरत से लोग बंटते हैं, देश कमजोर होता है। बीजेपी और आरएसएस के नेता देश बांटते हैं और जानबूझकर देश में भय पैदा करते हैं।

राहुल गांधी ने पूछा कि इस डर का फायदा किसे मिल रहा है? क्या इस डर का फायदा देश के गरीबों को मिल रहा है? देश के किसानों, गरीबों और छोटे दुकानदारों को मोदी सरकार ने क्या दिया है? पूरा फायदा दो उद्योगपति उठा रहे हैं। बाकि उद्योगपतियों से पूछ लीजिए वे कहेंगे कि 8 साल में हमारा कोई फायदा नहीं हुआ। सिर्फ दो उद्योगपतियों को लाभ हो रहा है। एयरपोर्ट, सड़क, सेलफोन, तेल सबकुछ इन्हें मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने नोटबंद की। इससे गरीबों को क्या फायदा हुआ? गरीबों की जेब से पैसा निकाला। कहा था कि काले धन के खिलाफ लड़ाई है। कुछ ही महीनों बाद आपके जेब से निकाले गए लाखों-करोड़ रुपए से देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों का कर्जा माफ किया। किसान का कर्जा माफ नहीं करेंगे। किसान के खिलाफ तीन काले कानून लाएंगे। कहेंगे ये कानून किसानों के फायदे के लिए हैं। अगर किसानों के फायदे के लिए कानून था तो पूरे देश में किसान सड़क पर क्यों उतरे थे।

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी को पता लगा कि देश के किसानों की शक्ति मेरे खिलाफ खड़ी है तो उन्होंने कानून रद्द कर दिया। यही बात जीएसटी के साथ हुई। कांग्रेस पार्टी दूसरी जीएसटी लाना चाहती थी। बीजेपी ने जीएसटी को बदला। पांच अलग-अलग टैक्स लगा दिए। गरीबों को चोट पहुंचाई।

उन्होंने कहा कि आज देश की हालत यह है कि चाहकर भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल सकता। देश को रोजगार ये दो उद्योगपति नहीं देते हैं। रोजगार छोटे और मध्यम उद्योग वाले देते हैं। नरेंद्र मोदी ने उनकी रीढ़ की हड्डी तोड़ दी है। बेरोजगारी जो आज दिख रही है वो आने वाले समय में और बढ़ेगी। एक तरफ आपको बेरोजगारी की चोट लग रही है दूसरी तरफ रिकॉर्ट महंगाई है। उन्होंने 2014 और वर्तमान के एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, सरसो तेल, दूध और आटा के कीमत बताया।

राहुल गांधी ने कहा कि देश ने ऐसी महंगाई कभी नहीं देखी। मोदी करते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया? 70 साल में कांग्रेस ने देश को ऐसी महंगाई नहीं दिखाई। आज लोग बहुत मुश्किल में हैं। बहुत दर्द सह रहे हैं। जब विपक्ष इन बातों को संसद में उठाना चाहता है तो नरेंद्र मोदी और उसकी सरकार विपक्ष को बोलने नहीं देती।

उन्होंने कहा, “विपक्ष को ईडी से डराया जा रहा है। मुझे 55 घंटे बैठाया गया। मैं आपके ईडी से नहीं डरता। मुझसे 55 घंटे पूछताछ करो या 5 साल, कोई फर्क नहीं पड़ता। संविधान देश की आत्मा है इसे बचाने का काम हर नागरिक को करना होगा। अगर हमने यह नहीं किया तो ये देश नहीं बचेगा।” राहुल गांधी ने कहा कि जनता के मुद्दों को उठाने के लिए हमारे पास कोई रास्ता नहीं है। इसलिए हम भारत जोड़ो यात्रा करने जा रहे हैं।

 

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.