Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

NDA की बैठक में रक्षा मंत्री ने PM मोदी को किया सम्मानित, आतंकवाद के खिलाफ प्रस्ताव पारित

by Tarun Bhardwaj • August 5, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। NDA की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज सभी सांसदों की ओर से पीएम मोदी को आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में उनकी निर्णायक भूमिका के लिए सम्मानित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने एनडीए सांसदों को संबोधित भी किया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह अब सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले केंद्रीय गृह मंत्री बन चुके हैं।

ऑपरेशन सिंदूर और महादेव को सलाम

NDA की बैठक में पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर एक प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस प्रस्ताव में एनडीए संसदीय दल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और समर्पण को सलाम किया।

पहलगाम आतंकी हमले का ज़िक्र करते हुए प्रस्ताव में कहा गया कि 22 अप्रैल को पाकिस्तान-समर्थित आतंकवादी संगठन द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने 26 निर्दोष पर्यटकों की धर्म के आधार पर निर्ममता से हत्या कर दी थी।

आतंकवाद के खिलाफ ‘नया भारत’ का संकल्प

प्रस्ताव में कहा गया है कि पहलगाम की कायराना हरकत के बाद, प्रधानमंत्री मोदी ने 24 अप्रैल को बिहार की धरती से आतंकवाद के खिलाफ सख्त संदेश दिया कि भारत आतंकियों और उनके समर्थकों को पहचान कर सज़ा देगा। इसी संकल्प के तहत, 6-7 मई की दरमियानी रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया गया। यह एक सटीक और सीमित सैन्य अभियान था, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।

एनडीए सांसदों ने प्रस्ताव में पीएम मोदी की निर्णायक नेतृत्व शैली और आतंक के खिलाफ उनके ‘नए भारत’ के संकल्प की सराहना की। प्रस्ताव के अनुसार, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को महिलाओं से विशेष समर्थन मिला, और इसका नाम भारतीय संस्कृति में ‘सिंदूर’ के प्रतीकात्मक महत्व को दर्शाता है, जहाँ सेना ने उन महिलाओं का बदला लिया, जिनसे आतंकियों ने उनका सुहाग और सम्मान छीना था।

रक्षा सुधार और वैश्विक कूटनीतिक जीत

सत्ताधारी गठबंधन ने इस बात को भी रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में रक्षा सुधार, स्वदेशीकरण और ड्रोन तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने पर ज़ोर रहा, जिससे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता में भी मदद मिली। इसके अलावा, प्रस्ताव में सर्वदलीय शिष्टमंडल के विदेश दौरे का भी ज़िक्र किया गया, जिसमें 59 सांसदों को 32 देशों में भेजकर आतंकवाद-विरोधी स्थिति को वैश्विक मंचों पर मज़बूती से रखा गया।

प्रस्ताव के अंत में कहा गया कि अमेरिका ने TRF को वैश्विक आतंकी संगठन घोषित किया है और BRICS सम्मेलन में भी आतंकवाद के खिलाफ दोहरे मापदंडों की निंदा की गई है, जो भारत की कूटनीतिक जीत और वैश्विक प्रभाव का प्रतीक है। एनडीए के सांसदों ने एक विकसित, सुरक्षित और शांतिपूर्ण भारत का निर्माण करने की दिशा में अपने प्रयासों को जारी रखने का संकल्प भी लिया।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण संसद का कामकाज बाधित हो रहा है।

ये भी पढ़ें:- कर्नाटक में परिवहन कर्मचारियों की हड़ताल से जनजीवन ठप, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.