यूनिक समय, मथुरा। छाता में पिछले करीब 40 दिनों से बंद पड़ी छाता शुगर मिल को पुनः चालू कराने की मांग को लेकर जारी किसान आंदोलन एक बार फिर गरमा गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा तड़के धरनास्थल से प्रदर्शनकारियों को हटाए जाने और सामान जब्त किए जाने की कार्रवाई के बाद क्षेत्र के किसानों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया है। प्रशासनिक कार्रवाई से भड़का आक्रोश रविवार रात पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए धरनास्थल से प्रदर्शनकारियों को हटा दिया। पुलिस ने मौके पर लगे टेंट, जनरेटर और डीजल समेत अन्य सामान को जब्त कर लिया तथा जेसीबी की मदद से धरनास्थल को समतल करा दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूर्व प्रधान जबर सिंह, शिवराम चौधरी और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिगंबर चौधरी सहित कुछ अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया है। वहीं, एक महिला द्वारा कथित अमर्यादित टिप्पणी से जुड़े मामले में चार नामजद समेत करीब 150 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 30 गांवों में पंचायतें और दोबारा धरना शुरू पुलिस कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कार्रवाई के विरोध में आसपास के करीब 30 गांवों में तत्काल पंचायतें बुलाई गईं, जिसके बाद एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण और किसान बड़ी संख्या में दोबारा छाता शुगर मिल की ओर कूच करने लगे। आंदोलन की अगुवाई कर रहे पूर्व सूबेदार ललित कर्मयोगी ने मिल गेट के पिलर पर खड़े होकर पहुंचे हुए किसानों को संबोधित किया। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से दोबारा धरना शुरू करने का ऐलान करते हुए ग्रामीणों से टेंट और अन्य व्यवस्थाएं जुटाने की अपील की। भारी पुलिस बल तैनात घटनास्थल पर लगातार बढ़ती भीड़ और तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। मौके पर एसडीएम छाता अखिलेश कुमार सिंह, एडीएम पंकज वर्मा, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अमरेश कुमार, तहसीलदार और कई थानों की पुलिस बल के साथ महिला पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों से वार्ता कर शांति बनाए रखने और सहयोग की अपील की। हालांकि, आंदोलनकारी छाता शुगर मिल को चालू करने की अपनी मुख्य मांग और पुनः धरना जारी रखने के फैसले पर अड़े रहे। फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और पुलिस प्रशासन सतर्कता बरत रहा है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: IIT Bombay Suicide Case: 18 सूत्रीय मांगों पर सहमति के बाद छात्रों का प्रदर्शन समाप्त; आरोपी प्रोफेसर डुल्ला निलंबित ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]