Thu, Jun 25th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

‘हाउसफुल 5’ ने रिलीज से पहले ही मचाया धमाल, एडवांस बुकिंग में 7 करोड़ की कमाई

by Arpita Singh • June 5, 2025
हाउसफुल 5

‘हाउसफुल 5’ ने रिलीज से पहले ही मचाया धमाल, एडवांस बुकिंग में 7 करोड़ की कमाई

इस खबर को सुनें • हिंदी

00:00
00:00
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। बॉलीवुड की बहुचर्चित कॉमेडी फिल्म ‘हाउसफुल’ का पांचवां भाग दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है। अक्षय कुमार स्टारर ‘हाउसफुल 5’ 6 जून 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, लेकिन रिलीज से पहले ही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा दिखा दिया है।

ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की एडवांस बुकिंग से अब तक 7 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई हो चुकी है। यही नहीं, टिकटों की बुकिंग में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। अब तक एक लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं और करीब 13,800 से ज्यादा शो की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इंडस्ट्री विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म एक शानदार ओपनिंग दर्ज कर सकती है।

‘हाउसफुल 5’ सिर्फ हंसी-मजाक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सस्पेंस और मर्डर मिस्ट्री का दिलचस्प तड़का भी है। फिल्म की कहानी एक क्रूज पर आधारित है जहां हल्के-फुल्के हास्य के बीच एक गंभीर हत्या की गुत्थी सुलझाई जाती है। फिल्म को ‘किलर कॉमेडी’ का टैग दिया गया है, और ट्रेलर ने दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ा दी है।

इस बार की स्टारकास्ट भी खास है। अक्षय कुमार और रितेश देशमुख के साथ अभिषेक बच्चन, फरदीन खान, डिनो मोरिया, संजय दत्त, चंकी पांडे, जैकलीन फर्नांडिज़, नर्गिस फाखरी, नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ और चित्रांगदा सिंह जैसे सितारे फिल्म में नजर आएंगे। इतनी बड़ी और विविधतापूर्ण स्टारकास्ट के कारण फिल्म के हर फ्रेम में कुछ नया देखने को मिलेगा।

फिल्म का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है और इसका निर्माण किया है साजिद नाडियाडवाला ने, जिन्होंने पहले भी ‘हाउसफुल’ फ्रेंचाइजी को बड़ी सफलता दिलाई है। फिल्म के ट्रेलर और टीजर को सोशल मीडिया पर बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला है, जिससे साफ है कि दर्शकों की उम्मीदें इस फिल्म से बहुत ऊंची हैं।

कॉमेडी, रहस्य और रोमांच का जबरदस्त मेल ‘हाउसफुल 5’ को इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक बना चुका है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ये फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.