यूनिक समय, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा जारी ताजा टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर रहने का खामियाजा भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भुगतना पड़ा है। लंबे समय से आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज बुमराह का सिंहासन अब छीन चुका है। ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने उन्हें पछाड़कर पहली बार दुनिया के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया है। मिचेल स्टार्क ने लगाई लंबी छलांग हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ संपन्न हुई दो मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने अपनी आग उगलती गेंदों से जबरदस्त प्रदर्शन किया। इस शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें आईसीसी की ताजा रैंकिंग में मिला है। स्टार्क दो स्थानों की छलांग लगाते हुए 872 रेटिंग अंकों के साथ टेस्ट क्रिकेट के नए नंबर-1 गेंदबाज बन गए हैं। 36 वर्षीय स्टार्क के करियर में यह पहला मौका है जब वे आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पायदान पर पहुंचे हैं। बांग्लादेश के खिलाफ स्टार्क का कातिलाना प्रदर्शन बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम को हार का सामना करना पड़ा था और स्टार्क केवल 2 विकेट ही हासिल कर पाए थे। लेकिन दूसरे टेस्ट में उन्होंने धमाकेदार वापसी करते हुए मैच में कुल 10 विकेट झटके। स्टार्क ने पहली पारी में महज 12 रन देकर 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, जबकि दूसरी पारी में 39 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनके इस मैच जिताऊ प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में बराबरी की और स्टार्क रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज हो गए। श्रीलंका सीरीज मिस करने से बुमराह को नुकसान दूसरी ओर, जसप्रीत बुमराह को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज मिस करने के कारण रेटिंग पॉइंट्स का नुकसान हुआ है। सीरीज की शुरुआत से पहले बुमराह 870 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर थे। हालांकि, पूरी तरह फिट न हो पाने के कारण वे इस सीरीज में भाग नहीं ले सके, जिससे उनकी रेटिंग घटकर 862 रह गई है और वे दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। बुमराह के लिए नंबर-1 पर वापसी कठिन भारतीय टीम अब आगामी नवंबर माह से पहले कोई टेस्ट सीरीज नहीं खेलने वाली है। ऐसे में जसप्रीत बुमराह के लिए दोबारा नंबर-1 के ताज पर कब्जा जमाना आसान नहीं होगा। अब उन्हें शीर्ष पायदान पर लौटने के लिए साल के अंत में होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज का इंतजार करना पड़ेगा। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]