Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

India Weather Update: ओडिशा, मुंबई, तेलंगाना और कर्नाटक में भारी बारिश, पीएम मोदी का दौरा भी प्रभावित

by Tarun Bhardwaj • September 27, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लौटते मानसून के कारण हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा, मुंबई, तेलंगाना और कर्नाटक में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात बाधित हुआ है, और लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है।

ओडिशा में डिप्रेशन का असर

बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे ओडिशा के गंजाम जिले में गोपालपुर तट से टकराया। इससे राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार, यह डिप्रेशन अगले 24 घंटों में धीरे-धीरे कमजोर होगा।

भारी बारिश के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ओडिशा दौरा भी प्रभावित हुआ। उनकी जनसभा स्थल को गंजाम जिले के बेरहामपुर से हटाकर झारसुगुड़ा में स्थानांतरित किया गया है, हालाँकि झारसुगुड़ा में भी तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी है। मौसम विभाग ने नबरंगपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कोरापुट, मलकानगिरी, रायगढ़ा, गजपति, गंजाम समेत अन्य जिलों में येलो अलर्ट है। मछुआरों को 27 सितंबर दोपहर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

मुंबई और कर्नाटक में जनजीवन प्रभावित

मुंबई शहर और उपनगरों के लिए शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। बीएमसी के अनुसार, बीते 24 घंटे में औसतन 30 मिमी बारिश हुई है। लोकल ट्रेनें कुछ देरी से चल रही हैं, और लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

कर्नाटक के कालबुर्गी जिले में भारी बारिश और ऑरेंज अलर्ट के चलते स्कूलों में 27 और 28 सितंबर को छुट्टी घोषित कर दी गई है। प्रशासन ने यह फैसला बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया है।

हैदराबाद में मुसी नदी उफान पर

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में मूसलाधार बारिश के बाद मूसी नदी में बाढ़ आ गई है। हिमायतसागर और उस्मानसागर जलाशयों के दरवाजे खोले जाने के बाद नदी उफान पर है, जिससे चादरघाट पुल के पास सड़कें जलमग्न हो गईं और कई घरों में पानी घुस गया।

करीब 1,000 लोगों को निचले इलाकों से निकालकर राहत शिविरों में भेजा गया है। महात्मा गांधी बस स्टेशन में पानी भर जाने के कारण बस सेवाएं बंद करनी पड़ी हैं। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को सतर्क रहने और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

ये भी पढ़ें: UP News: CM योगी ने विकसित यूपी विजन 2047 में माफिया पर साधा निशाना; “अशांति फैलाने वालों को ऐसा सबक सिखाएंगे कि सात पीढ़ियां याद रखेंगी”

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.