Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

कमल हासन को DMK ने बनाया उम्मीदवार, राज्यसभा में जल्द करेंगे प्रवेश

by Arpita Singh • May 28, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। प्रसिद्ध अभिनेता कमल हासन जल्द ही राज्यसभा में नजर आ सकते हैं। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने उन्हें आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार नामित किया है। पार्टी ने राज्यसभा के लिए तीन उम्मीदवारों की घोषणा की, जिनमें कमल हासन का नाम भी शामिल है।

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अभिनेता एक भाषायी विवाद में घिरे हुए हैं। बेंगलुरु में अपनी आगामी फिल्म ‘ठग लाइफ’ के प्रमोशन के दौरान कमल हासन की एक टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया था। इस टिप्पणी की कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र और कई कन्नड़ संगठनों ने आलोचना की थी। इस विवाद के बीच DMK का यह कदम राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

तमिलनाडु की छह राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 19 जून को होगा। इन सीटों पर वर्तमान में अंबुमणि रामदास (PMK), एन. चंद्रशेखरन (AIADMK), मोहम्मद अब्दुल्ला (DMK), एम. षणमुगम (DMK), पी. विल्सन (DMK), और वाइको (MDMK) काबिज हैं, जिनका कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

चुनाव आयोग के अनुसार, इस चुनाव की अधिसूचना 2 जून को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 जून तय की गई है और मतगणना भी उसी दिन की जाएगी। यदि उम्मीदवारों की संख्या रिक्त सीटों के बराबर रहती है, तो परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जा सकते हैं।

राज्य में DMK और उसके सहयोगियों के पास पर्याप्त बहुमत है, इसलिए उनके द्वारा घोषित उम्मीदवारों का राज्यसभा में चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.