Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Kanpur: दिल्ली से बनारस जा रही बस में लगी भीषण आग; पुलिसकर्मियों ने जलती बस से यात्रियों को बचाकर बचाई जान

by Tarun Bhardwaj • November 28, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के कानपुर में रामादेवी चौराहे के पास नेशनल हाईवे-19 पर दिल्ली से बनारस जा रही पलक ट्रैवल्स की एक लग्जरी डबल-डेकर स्लीपर बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बस में उस समय करीब 30 से 40 यात्री सो रहे थे या आराम कर रहे थे, जब ऊपरी डेक में रखे सामान से धुआं निकलने लगा।

यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

ड्राइवर-कंडक्टर ने शोर मचाया और बस को रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। गनीमत यह रही कि आग सबसे पहले बस की छत पर लदे भारी-भरकम सामान में लगी, जिससे यात्रियों को कुछ पल का मौका मिल गया।जान बचाने के लिए कई यात्री खिड़कियों और दरवाजों से चलती बस से सड़क पर कूद गए। कुछ यात्री सड़क पर लुढ़कते हुए दूर तक चले गए, पर उनकी जान बच गई।

पुलिसकर्मियों की बहादुरी

जिन यात्रियों को कूदने की हिम्मत नहीं हुई या जो ऊपरी बर्थ में फंसे थे, उनकी मदद के लिए रामादेवी चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी बिना एक पल गंवाए दौड़ पड़े। पुलिसकर्मियों ने जलती बस के अंदर घुसकर चीखते-चिल्लाते करीब आधा दर्जन फंसे हुए यात्रियों को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया। स्थानीय लोगों ने भी पानी की बोतलें फेंककर आग बुझाने की कोशिश की।

ओवरलोडिंग और नुकसान

यात्रियों ने बताया कि दिल्ली से बनारस जा रही पलक ट्रैवल्स पर ज़रूरत से कई गुना ज़्यादा सामान लदा हुआ था, जिसमें प्लास्टिक के बोरे और लोहे के बॉक्स तक शामिल थे। एक गुस्साए यात्री ने बताया कि उसने रात 2 बजे ही ड्राइवर को ओवरलोडिंग को लेकर चेतावनी दी थी।

यात्रियों का लाखों का सामान जलकर राख हो गया। एक यात्री के 20 हज़ार नकद, कपड़े और ज़रूरी दस्तावेज़ जल गए, जबकि मिर्ज़ापुर शादी में जा रही एक महिला का लैपटॉप, 40 हज़ार के कपड़े, गहने और लड्डू गोपाल की मूर्ति जल गई, जिससे वह बेहद दुखी थी।

जांच और सुरक्षा पर सवाल

CFO दीपक शर्मा ने तत्काल 6 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं। हाईवे पर जाम के चलते करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, तब तक बस का सिर्फ ढांचा बचा था। ट्रैफिक करीब दो घंटे तक बाधित रहा। प्रारंभिक जाँच में शॉर्ट सर्किट मुख्य कारण लग रहा है, लेकिन खतरनाक सामान और ओवरलोडिंग की वजह से आग इतनी तेज़ी से फैली।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

ये भी पढ़ें:Putin India Visit: PM मोदी के न्योते पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन 4-5 दिसंबर को करेंगे भारत का दौरा

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.