Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

ईरान की परमाणु रणनीति में बड़ा बदलाव, NPT से हटने की तैयारी

by Arpita Singh • June 16, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। मध्य पूर्व में ईरान और इजरायल के बीच तनाव तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच ईरान ने संकेत दिए हैं कि वह परमाणु अप्रसार संधि (NPT) से बाहर निकलने की तैयारी कर रहा है। ईरानी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जानकारी दी कि देश की संसद एक ऐसे प्रस्ताव पर विचार कर रही है, जो ईरान को एनपीटी से बाहर ले जाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर सकता है।

हालांकि, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघई ने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान का इरादा परमाणु हथियार बनाने का नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान की परमाणु नीति अब भी शांतिपूर्ण उद्देश्यों पर आधारित है। फिर भी, अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता इस बात को लेकर बढ़ गई है कि ईरान तेजी से परमाणु हथियार निर्माण की ओर बढ़ सकता है।

इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) ने हाल ही में एक रिपोर्ट में बताया था कि ईरान अपने NPT दायित्वों का पालन नहीं कर रहा है। इसी के साथ, तेहरान ने हाल में यह भी कहा था कि वह तकनीकी रूप से परमाणु बम बनाने के बहुत करीब है।

गौरतलब है कि NPT एक वैश्विक संधि है जिसका मकसद परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकना और परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देना है। यदि ईरान इस समझौते से बाहर निकलता है, तो इससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ सकती है।

इजरायल ने पहले ही चेतावनी दी है कि ईरान के संदिग्ध परमाणु ठिकानों के आसपास रहने वाले लोग तुरंत अपने स्थान खाली कर दें। रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायली खुफिया एजेंसियों के पास उन सभी स्थानों की सूची है, जो परमाणु हथियार निर्माण में उपयोग हो सकते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम वर्ष 2018 के बाद से तेजी से आगे बढ़ा है, जब अमेरिका ने ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते से खुद को अलग कर लिया था। वर्तमान घटनाक्रम से स्पष्ट है कि यदि कूटनीतिक समाधान नहीं निकाला गया, तो यह विवाद बड़े संघर्ष में तब्दील हो सकता है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.