यूनिक समय, मथुरा। जनपद में आगामी विश्व प्रसिद्ध श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को भव्य और सुगम बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने मंगलवार शाम मसानी नाले से लेकर भूतेश्वर तिराहे तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की खस्ताहाल स्थिति और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को जन्माष्टमी से पूर्व सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। भूतेश्वर अंडरपास पर सड़क धंसने और गड्ढों की मिली थीं शिकायतें भूतेश्वर अंडरपास पर जलभराव की स्थायी समस्या से राहत दिलाने के लिए जलकल विभाग द्वारा मसानी नाले से अंडरपास तक 0.8 मीटर व्यास की पाइपलाइन बिछाई गई थी। हालांकि, पाइपलाइन डालने के कार्य के बाद कई स्थानों पर सड़क धंसने और बड़े-बड़े गड्ढे बनने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन्हीं जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने स्वयं धरातल पर उतरकर स्थिति की समीक्षा की। मसानी से भूतेश्वर तक पैदल मार्च नगर आयुक्त का पैदल निरीक्षण मसानी नाले से शुरू होकर मसानी चौराहा, रूपम टॉकीज, स्मार्ट बाजार, डीग गेट और श्रीकृष्ण जन्मभूमि गेट संख्या-1 से होते हुए भूतेश्वर अंडरपास और भूतेश्वर तिराहे तक चला। निरीक्षण के दौरान रूपम टॉकीज, स्मार्ट बाजार और डीग गेट क्षेत्र में सड़कों पर बड़े-बड़े पैच और क्षतिग्रस्त हिस्से पाए गए, जिस पर नगर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम निर्माण विभाग को सैंड फिलिंग के साथ गुणवत्तापूर्ण सड़क मरम्मत का काम तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि गेट संख्या-1 से भूतेश्वर अंडरपास तक सड़क का एक बड़ा हिस्सा भी बेहद जर्जर स्थिति में मिला। तीन दिनों में शुरू होगा काम जन्मभूमि क्षेत्र के मुख्य मार्ग की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने नगर निगम, जलकल विभाग और पीडब्ल्यूडी को एक संयुक्त कार्ययोजना (Joint Action Plan) बनाकर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क मरम्मत का कार्य अगले तीन दिनों के भीतर हर हाल में शुरू हो जाना चाहिए और जन्माष्टमी पर्व से पूर्व इसे पूरी तरह समाप्त किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने आमजन की सुविधा का ध्यान रखते हुए कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत के दौरान यदि जरूरत पड़ी, तो कुछ दिनों के लिए यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा। इसकी पूर्व सूचना जनता को दे दी जाएगी, ताकि श्रद्धालु और वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का सुगमता से उपयोग कर सकें। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। इस पैदल निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, मुख्य अभियंता (निर्माण) संजय सिंह, अधिशासी अभियंता (निर्माण) अमरेंद्र गौतम, महाप्रबंधक (जलकल) मोहम्मद अनवर ख्वाजा सहित लोक निर्माण विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Congress Protest: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़क पर उतरी कांग्रेस; राहुल-प्रियंका और खरगे ने पीएम आवास का किया घेराव ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]