यूनिक समय, मथुरा। मथुरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र अंतर्गत औरंगाबाद इलाके में नौवीं कक्षा के छात्र का दिनदहाड़े अपहरण कर क्रूरता करने का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। वैन सवार बदमाशों ने छात्र को अगवा कर उसके साथ मारपीट की और फिर बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर झाड़ियों में फेंक दिया। घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से आक्रोशित परिजनों ने अब एसएसपी से न्याय की गुहार लगाने का मन बना लिया है। रास्ते में मुंह दबाकर वैन में घसीटा औरंगाबाद निवासी सतीश कुमार टेलर का 16 वर्षीय पुत्र कृष्णा स्थानीय इंटर कॉलेज में नौवीं कक्षा में पढ़ता है। बीते 3 अगस्त की सुबह लगभग 7 बजे वह रोजाना की तरह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। मुख्य मार्ग पर पहले से घात लगाए खड़े दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक उसका मुंह दबाया और जबर्दस्ती वैन में खींच लिया। आरोपी उसे पुरानी बस स्टैंड की ओर रेलवे लाइन के किनारे सुनसान इलाके में ले गए। वहां आरोपियों ने छात्र के साथ जमकर मारपीट की। कृष्णा ने जब खुद को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पास पड़ा ईंट का टुकड़ा उठाकर उसके सिर पर दे मारा, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। इसके बाद बेखौफ बदमाशों ने उसे दोबारा गाड़ी में डालकर बेहोशी का इंजेक्शन लगा दिया। सरकारी फार्म में अचेत पड़ा मिला छात्र वारदात के करीब तीन घंटे बाद कृष्णा औरंगाबाद स्थित एक सरकारी फार्म के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। जैसे-तैसे होश में आने के बाद पीड़ित छात्र लहूलुहान हालत में अपने घर पहुंचा और परिवार वालों को पूरी आपबीती सुनाई। बेटे की आपबीती सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत उसे लेकर थाने पहुंचे। परिजनों ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार पीड़ित के पिता सतीश कुमार ने उसी दिन थाना सदर बाजार में घटना की लिखित तहरीर दे दी थी। परिजनों का गंभीर आरोप है कि पुलिस केवल जांच का आश्वासन देकर मामले को लगातार टाल रही है और अपहरण व जानलेवा हमले जैसी संगीन वारदात में चार दिन बाद भी प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई है। शुक्रवार को चौकी से दो सिपाही केवल औपचारिकता निभाने के लिए घटनास्थल पहुंचे और आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखने के बाद वापस लौट गए। पुलिस की इस ढुलमुल कार्यशैली से आहत होकर परिजनों ने अब पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के समक्ष पेश होकर सख्त कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया है। वहीं इस पूरे मामले पर सीओ सदर वरुण मिश्रा का कहना है कि प्रकरण की गहनता से जानकारी कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mathura: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचे रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम; स्वामी विवेकानंद प्रतिमा पर की पुष्पांजलि अर्पित ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]